राहुल गांधी के कथित फोन टैपिंग के आरोप लगाने के बाद बीजेपी सांसद रवि किशन ने उनका मजाक उड़ाया है. उन्होंने कहा है कि उनके फोन को आलू से सोना बनाने की जानकारी लेने के लिए टैप किया जा रहा है. किशन का यह बयान तब आया है जब एक दिन पहले राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर उनके फोन टैप किए जाने का इल्जाम लगाया था, जिसमें उन्होंने मोदी सरकार के खिलाफ सारे सबूत होने के दावे किए थे.
रवि किशन ने समाचार एजेंसी IANS से बातचीत के दौरान राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा, ‘हम उनका मोबाइल फोन टैप कर रहे थे, क्योंकि हमें सच में यह जानना था कि वह आलू से सोना कैसे बनाने वाले हैं. नहीं तो, ऐसा करने का पूरा फॉर्मूला राहुल गांधी के पास ही रहता. हमारे पास भी खेत हैं और हमें भी आलू से सोना बनाना है, इसलिए उनका फोन टैप किया जा रहा है, जैसा वह सोचते हैं, क्योंकि आलू से सोना बनाने का फॉर्मूला उनके फोन में है.’
कांग्रेस पार्टी है ‘जेम्स बॉन्ड’
इसके साथ ही भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने भी राहुल गांधी पर उनके आरोपों को लेकर निशाना साधा. उन्होंने कांग्रेस और गांधी परिवार को ‘जासूसी का जेम्स बॉन्ड’ कहा है. उन्होंने आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, “एक पार्टी और एक परिवार जो जासूसी का ‘जेम्स बॉन्ड’ रहा है, वे हमेशा हर चीज को जासूसी से जोड़ेंगे. यह वही पार्टी और परिवार है जिसने 12 साल पहले जब वे सत्ता में थे तो अपने ही होम मिनिस्टर और फाइनेंस मिनिस्टर के फोन को सर्विलांस पर रखा था और जब वे पकड़े गए तो उन्होंने कहा कि यह सिर्फ ‘च्यूइंग गम’ का एक टुकड़ा था, जो फंस गया था. वे सच में जासूसी के ‘जेम्स बॉन्ड’ हैं.”
सुप्रीम कोर्ट के जज करें मामले की जांच
बीजेपी नेताओं की बयानबाजी के बीच कांग्रेस की ओर से उनके राष्ट्रीय प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने कहा, “भारतीय जनता पार्टी को साफ-साफ बताना चाहिए कि फोन टैपिंग हो रही है या नहीं. अगर राहुल गांधी गलत बयान दे रहे हैं तो उनके खिलाफ जांच होनी चाहिए. सच सामने लाने के लिए सुप्रीम कोर्ट के मौजूदा जज को मामले की जांच करनी चाहिए.” उन्होंने आईएएनएस से कहा, “जांच से यह पता चलना चाहिए कि क्या सरकार ने पेगासस खरीदा था और क्या विपक्षी नेताओं के फोन टैप किए जा रहे हैं, जैसा कि राहुल गांधी ने आरोप लगाया है.”
