Headlines

पूर्व CM पिनाराई विजयन के यहां ED की रेड पर तेजस्वी यादव का बड़ा बयान, ‘मोदी सरकार बताए कि…’


केरलम के पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन (Pinarayi Vijayan) के आवास पर ईडी (ED) की हुई रेड पर आरजेडी नेता तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) का बड़ा बयान सामने आया है. बुधवार (27 मई, 2026) को तेजस्वी ने अपने एक्स हैंडल से पोस्ट करते हुए बीजेपी और मोदी सरकार पर हमला किया.

तेजस्वी यादव ने कहा, “केरल के पूर्व मुख्यमंत्री श्री पिनाराई विजयन जी के आवास पर ED की रेड राजनीतिक दुर्भावना और प्रतिशोध से प्रेरित है. बीजेपी सरकार जांच एजेंसियों का दुरुपयोग अपने राजनीतिक हित साधने और क्षेत्रीय पार्टियों को समाप्त करने के उद्देश्य से करती है.”

उन्होंने कहा, “मोदी सरकार बताए कि विगत 12 वर्षों में अब तक विभिन्न जांच एजेंसियों द्वारा विपक्षी दलों के नेताओं पर मनगढ़ंत फर्जी केस दर्ज कराने, रेड मारने और पूछताछ के लिए बुलाने के बाद कितने विपक्षी नेताओं को BJP में शामिल कराकर, उन्हें ईमानदारी का प्रमाण पत्र देकर अच्छे पदों से पुरस्कृत किया है? ये सरेआम वीडियो में नोट लेते भ्रष्टाचार के आरोपियों को तो मुख्यमंत्री बना रहे हैं. याद रखें, अंत में सच्चाई  और न्याय की ही जीत होगी.”

यह भी पढ़ें- SIR पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद आया कांग्रेस का बयान, ‘हमारे नेता राहुल गांधी…’

शक्ति यादव बोले- ‘विपक्ष की आवाज को…’

इस रेड पर आरजेडी के नेता और पार्टी के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने भी निशाना साधा है. उन्होंने कहा, “पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के आवास पर ईडी की छापेमारी भाजपा की कायरता, हताशा और राजनीतिक दिवालियेपन का खुला प्रमाण है! केंद्र की सत्ता में बैठे लोग ईडी, सीबीआई और आईटी को भाजपा का ‘फ्रंटल विंग’ बनाकर क्षेत्रीय दलों और विपक्ष की आवाज को कुचलना चाहते हैं.”

शक्ति यादव ने कहा कि सत्ता का पाखंड देखिए, जो लोग सरेआम कैमरे पर घूस लेते पकड़े जाते हैं, उन्हें बीजेपी अपनी ‘वॉशिंग मशीन’ में धोकर सीधा मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठा देती है और जो विपक्ष के नेता इनकी तानाशाही के आगे झुकने और बिकने से मना कर देते हैं, उनके घर एजेंसियों के पालतू तोते भेज दिए जाते हैं.

आरजेडी नेता ने आगे कहा, “पूरा देश देख रहा है कि पिछले 12 सालों में भाजपा ने डरा-धमका कर कितने विपक्षी नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल कराया और फिर उन्हें ईमानदारी का सर्टिफिकेट बांट दिया. कान खोलकर सुन लीजिए, सत्ता के अहंकार और एजेंसियों की इस नंगी गुंडागर्दी के आगे सत्य की आवाज कभी नहीं झुकेगी. जनता इस तानाशाही का हिसाब जरूर करेगी!

यह भी पढ़ें- बांकीपुर उपचुनाव: BJP के गढ़ को क्यों तोड़ना चाहते हैं प्रशांत किशोर? बोले- ‘जिस जंगलराज…’





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *