राजनीति के गलियारों में अक्सर कड़वाहट और जुबानी जंग ही देखने को मिलती है, लेकिन राजस्थान के उदयपुर से लोकतंत्र की एक बेहद खूबसूरत तस्वीर सामने आई है. उदयपुर निकाय चुनाव प्रचार के दौरान जब भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशी अपनी-अपनी गाड़ियों पर रोड शो कर रहे थे, तभी सड़क की दोनों लेनों पर उनका आमना-सामना हो गया. इसके बाद जो हुआ उसने लोगों का दिल खुश कर दिया और यही वजह रही की वीडियो तुरंत वायरल हो गया.
रोड डिवाइडर के पार दौड़कर मिलाया हाथ
तस्वीरों और वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जैसे ही दोनों प्रत्याशियों की गाड़ियां एक-दूसरे के करीब आईं, माहौल में कड़वाहट की जगह मुस्कुराहट घुल गई. कांग्रेस प्रत्याशी ने बिना एक पल गंवाए आगे बढ़कर डिवाइडर के पास से ही हाथ जोड़े और दौड़कर भाजपा प्रत्याशी की तरफ हाथ बढ़ाया. भाजपा प्रत्याशी ने भी पूरे आदर और सम्मान के साथ झुककर गर्मजोशी से उनसे हाथ मिलाया और एक-दूसरे को चुनाव की शुभकामनाएं दीं.
दो चरणों में होने हैं निकाय चुनाव
आपको बता दें कि राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव 9 सितंबर 2026 (पहला चरण) और 11 सितंबर 2026 (दूसरा चरण) को होने हैं. राज्य में पहली बार सभी नगर निकायों में एक साथ दो चरणों में मतदान कराया जा रहा है. इन चुनावों को लेकर राज्य में चुनाव प्रचार जोरों पर है और हर कोई वोटर्स को लुभाने के लिए अपने अपने स्तर पर प्रयास कर रहा है.
यह भी पढ़ें: बाढ़ में बह रहे बच्चे को बचाने के लिए जान पर खेल गई मादा हाथी, देखें प्यार Video
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, लोग बोले- ‘यही तो लोकतंत्र की खूबसूरती है’
दोनों नेताओं के इस आत्मीय मिलन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. आम जनता और इंटरनेट यूजर्स इस सादगी और शिष्टाचार की जमकर तारीफ कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि चुनाव में वैचारिक लड़ाई अपनी जगह है, लेकिन आपसी सम्मान बनाए रखना ही असली राजनीति है. कई यूजर्स ने कमेंट करते हुए लिखा कि “सच्चे नेताओं की पहचान यही है कि वे प्रतिद्वंद्वी हैं, दुश्मन नहीं.” वहीं कुछ लोगों ने कहा कि आज के दौर में नेताओं को इस घटना से सीख लेनी चाहिए. वीडियो को udaipurites नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया गया है जिसे अब तक लाखों लोगों ने देखा है.
यह भी पढ़ें: छत पर लहराई शर्ट और रेस्क्यू करने पहुंच गया हेलिकॉप्टर- नेपाल का वीडियो वायरल
