असम के गुवाहाटी के बेलटोला स्थित बशिष्ठापुर बाइलने-4 में एक महिला की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. महिला का शव उसके अपार्टमेंट के अंदर मिला, जबकि उसका कटा हुआ सिर फ्रिज के अंदर बरामद किया गया. मृतका की पहचान रिया तालुकदार के रूप में हुई है. वह नूनमती की रहने वाली थीं और फैंसी बाजार स्थित ए.सी. मार्केट में एक बुटीक में काम करती थी.
बताया जा रहा है कि रिया अपने पति रामानुजन गोस्वामी के साथ अंजलि गृह अपार्टमेंट के हाउस नंबर 14 में करीब 6 महीने से रह रही थी. अपार्टमेंट से दुर्गंध आने के बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी. इसके बाद हाटीगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच शुरू की. बाद में मामले की जांच सीआईडी ने अपने हाथ में ले ली.
रामानुजन गोस्वामी ने किया आत्मसमर्पण
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटना के बाद से रामानुजन गोस्वामी के फरार होने की खबर थी. हालांकि सोमवार तड़के उसने हाटीगांव थाने में आत्मसमर्पण कर दिया. रामानुजन मूल रूप से असम के धुबरी जिले के गौरीपुर के रहने वाला है और उबर चालक के रूप में काम करता है. पड़ोसियों के अनुसार, शनिवार को अपार्टमेंट से तेज आवाजें और चीख-पुकार सुनाई दी थी. उन्होंने बताया कि अंदर से केवल रामानुजन की आवाज सुनाई दे रही थी. वह कथित तौर पर डरा हुआ था.
स्थानीय लोगों के मुताबिक, रामानुजन को शनिवार रात करीब 8 बजे आखिरी बार देखा गया था. पड़ोसियों ने यह भी बताया कि दंपति के बीच अक्सर विवाद होता था. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शनिवार रात रामानुजन के आखिरी बार देखे जाने के बाद अपार्टमेंट के अंदर क्या हुआ था. पुलिस के अनुसार, घटनास्थल का दृश्य बेहद भयावह था. कमरे में जगह-जगह खून के निशान मिले और घर का सामान बिखरा हुआ था.
सिर धड़ से अलग
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला की गर्दन पर कथित तौर पर दाओ से हमला किया गया. इसके बाद उसका सिर धड़ से अलग कर काले रंग की पॉलीथिन में रखा गया और फिर फ्रिज के अंदर छिपा दिया गया. महिला का बाकी शव बिना कपड़ों के मिला. उसके हाथों की उंगलियां भी कथित तौर पर काट दी गई थीं.
पुलिस ने घटनास्थल से एक दाओ और शराब की कई बोतलें बरामद की हैं. फोरेंसिक टीम ने इन वस्तुओं को कब्जे में लेकर फिंगरप्रिंट समेत अन्य सबूतों की जांच शुरू कर दी है. जांच से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक फोरेंसिक जांच में इसे हत्या का मामला माना गया है. आशंका है कि महिला की हत्या शव मिलने से करीब 24 से 48 घंटे पहले की गई थी.
हुक लगाकर बंद किया दरवाजा
पड़ोसियों के अनुसार, अपार्टमेंट का दरवाजा सामान्य तरीके से हुक लगाकर बंद नहीं किया गया था. कथित तौर पर दरवाजा बंद रखने के लिए एक मोजे का इस्तेमाल किया गया था. स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि शनिवार को रामानुजन ने अपना हेयरस्टाइल बदला था. पुलिस उसके शनिवार के दौरान के मूवमेंट और गतिविधियों की जांच कर रही है.
जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि रामानुजन गोस्वामी कथित तौर पर नशे की लत के कारण करीब तीन महीने तक पुनर्वास केंद्र में रहा था. पुलिस उसके पारिवारिक और व्यक्तिगत पृष्ठभूमि, गतिविधियों तथा रिया के साथ संबंधों की भी जांच कर रही है.
रिया की फैमिली में कौन-कौन
रिया तालुकदार नूनमती की रहने वाली थी. बताया जा रहा है कि उसने अपने माता-पिता दोनों को खो दिया था और परिवार में केवल एक भाई है. इस बीच, पुलिस और सीआईडी यह पता लगाने में जुटी है कि अपार्टमेंट के अंदर शनिवार की रात वास्तव में क्या हुआ और रिया की हत्या के पीछे क्या कारण था.
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से दाओ, शराब की बोतलों और अन्य सामग्रियों सहित कई वस्तुओं को जांच के लिए कब्जे में लिया है. रामानुजन गोस्वामी के आत्मसमर्पण के बाद सीआईडी पूछताछ कर रही है. पुलिस हत्या के मकसद और घटनाओं की पूरी कड़ी को जोड़ने में जुटी है. रिया के शव को पोस्टमार्टम के लिए गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH) भेज दिया गया है.
ये भी पढ़ें
महिलाओं पर कमेंट को लेकर केरल CM पर भड़का सुन्नी मुस्लिम संगठन, दे दिया अल्टीमेटम
