- तृणमूल ने नंदीग्राम, रेजीनगर उपचुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित किए।
- संचिता प्रधान नंदीग्राम, रबीउल आलम चौधरी रेजीनगर से।
- शुभेंदु अधिकारी और हुमायूं कबीर ने सीटें रिक्त कीं।
- कांग्रेस ने भी प्रत्याशी उतारे, उपचुनाव 6 अक्टूबर।
पश्चिम बंगाल में पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले तृणमूल कांग्रेस (TMC) गुट ने राज्य में नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है. TMC ने नंदीग्राम सीट से संचिता प्रधान (डे) और रेजीनगर से रबीउल आलम चौधरी को प्रत्याशी बनाया है.
टीएमसी ने X पोस्ट शेयर कर दी जानकारी
TMC ने इस संबंध में रविवार (13 सितंबर, 2026) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किए एक पोस्ट में आधिकारिक आधिसूचना जारी की. पोस्ट में पार्टी ने कहा, ‘हमारी अध्यक्ष ममता बनर्जी के मार्गदर्शन और प्रेरण में तृणमूल कांग्रेस आगामी नंदीग्राम और रेजीनगर उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों की घोषणा करते हुए हर्षित है.’
पार्टी ने आगे कहा, ‘हम संचिता प्रधान (डे) और रबीउल आलम चौधरी को इस यात्रा के लिए हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं. उम्मीद है कि वे पूरी मजबूती और दृढ़ संकल्प के साथ जनता की उम्मीदों और आकांक्षाओं को आगे बढ़ाएंगे.’
All India Trinamool Congress, under the guidance and inspiration of our Hon’ble Chairperson Smt @MamataOfficial, is pleased to announce the candidates for the upcoming Nandigram & Rejinagar bye-elections.
We wish Smt Sanchita Pradhan (Dey) and Shri Rabiul Alam Chowdhury the very…
— All India Trinamool Congress (@AITCofficial) September 13, 2026
कांग्रेस ने पहले ही कर दिया उम्मीदवारों का ऐलान
तृणमूल कांग्रेस से पहले कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार (11 सितंबर, 2026) को पश्चिम बंगाल उपचुनाव के लिए दो सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है. कांग्रेस ने भी इस संबंध में एक एक्स पोस्ट को शेयर कर आधिकारिक अधिसूचना में दोनों उम्मीदवारों का नाम बताया था.
पार्टी ने कहा, ‘कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पश्चिम बंगाल विधानसभा के आगामी उपचुनावों में कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने के लिए लोगों के नामों के प्रस्तावों को मंजूरी दे दी है. मोहम्मद अब्दुल्लाहिल काफी रेजीनगर सीट से चुनाव लड़ेंगे, जबकि कांग्रेस ने नंदीग्राम सीट से मिलन प्रधान उम्मीदवार बनाया गया है.’
बंगाल में क्यों बनी उपचुनाव की स्थिति?
उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल में हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी को नंदीग्राम और भबानीपुर दोनों सीटों पर से चुनावी मैदान में उतारा था, जबकि आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के संस्थापक हुमायूं कबीर भी बंगाल की रेजीनगर और नौदा की दो विधानसभा सीटों से चुनाव लड़ने थे.
दोनों पार्टियों के उम्मीदवारों ने चुनावी नतीजों में अपनी-अपनी दोनों सीटों पर जीत दर्ज की. इसके बाद, चुनावी नियमों के मुताबिक शुभेंदु अधिकारी ने TMC प्रमुख ममता बनर्जी को भबानीपुर सीट पर से हराकर उसी सीट से अपनी विधायकी रखकर नंदीग्राम सीट को छोड़ दिया. वहीं, दूसरी तरफ हुमायूं कबीर ने नौदा से विधायकी जारी रखकर रेजीनगर सीट छोड़ दी.
कब होगा उपचुनाव, नॉमिनेशन की क्या है आखिरी तारीख?
इससे बंगाल की इन दोनों विधानसभा सीटों पर उपचुनाव की स्थिति बन गई. चुनाव आयोग की तरफ से इन दोनों पर उपचुनाव के लिए अगले महीने 6 अक्टूबर की तारीफ निर्धारित की गई है, जिसके लिए नॉमिनेशन की अंतिम तारीख 16 सितंबर है. हालांकि, इस बार तृणमूल कांग्रेस के दो अलग-अलग गुटों- ममता बनर्जी गुट और ऋतब्रत बनर्जी गुट- की तरफ से उपचुनाव में उम्मीदवार उतारे जाएंगे.
यह भी पढ़ेंः CM विजय के लंदन टूर पर DMK ने उठाए सवाल, कहा- ‘निवेश के बहाने दोस्त…’
