Headlines

बक्सर में सरकारी शिक्षकों पर छात्राओं के यौन शोषण का आरोप, दोनों निलंबित


बक्सर के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के नथुनी अहीर का डेरा मध्य विद्यालय के दो सरकारी शिक्षकों पर नाबालिग छात्राओं के यौन शोषण और आपत्तिजनक वीडियो बनाने के गंभीर आरोप लगे हैं. शिकायत और सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के बाद शिक्षा विभाग ने बीते बुधवार (02 सितंबर) को निलंबित से संबंधित पत्र जारी किया है.

शिकायत में शिक्षक अरविंद कुमार और वीरेंद्र प्रसाद के खिलाफ नाबालिग छात्राओं से जुड़ी आपत्तिजनक गतिविधियों के आरोप लगाए गए हैं. आरोप है कि छात्राओं से संबंधित आपत्तिजनक वीडियो बनाए गए, जिनमें से कुछ सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सामने आया.

यह भी पढ़ें- सम्राट सरकार के काम से पवन सिंह खुश नहीं? बोले- ‘यह समय सिर्फ…’

अरविंद पर दुष्कर्म, वीरेंद्र पर वीडियो बनाने का आरोप

शिकायत के मुताबिक, अरविंद कुमार पर नाबालिग छात्राओं को कथित तौर पर होटल ले जाकर दुष्कर्म करने और वीडियो वायरल करने का आरोप है. वहीं, वीरेंद्र प्रसाद पर आपत्तिजनक वीडियो बनाने और उसे वायरल करने का आरोप लगाया गया है. शिकायत में ऑडियो के जरिए धमकी देने की बात भी कही गई है.

रिपोर्ट के बाद शिक्षा विभाग ने किया निलंबित

ग्रामीणों की शिकायत के बाद प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, डुमरांव ने 31 अगस्त 2026 को जिला शिक्षा विभाग को रिपोर्ट भेजी थी. रिपोर्ट में आरोपों को गंभीर बताते हुए अनुशासनिक कार्रवाई की अनुशंसा की गई. इसके बाद विभाग ने बिहार सरकारी सेवक वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील नियमावली, 2005 के तहत दोनों शिक्षकों को निलंबित कर दिया.

अलग-अलग मुख्यालय, विभागीय जांच शुरू

निलंबन के दौरान वीरेंद्र प्रसाद का मुख्यालय प्रखंड संसाधन केंद्र, राजपुर और अरविंद कुमार का मुख्यालय प्रखंड संसाधन केंद्र, चक्की बनाया गया है. जिला शिक्षा पदाधिकारी इंद्र कुमार कर्ण के मुताबिक दोनों के खिलाफ विभागीय कार्यवाही होगी और आरोप पत्र गठित किया जाएगा. उन्होंने बताया कि शिकायत में जिस छात्रा का जिक्र है, वह संबंधित विद्यालय की छात्रा नहीं है. इस बिंदु समेत पूरे मामले की जांच जारी है.

समाजसेवी अरविंद सिंह ने आरोप सही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. विभाग का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट होगी.

यह भी पढ़ें- पटना में खून से लथपथ शिक्षिका का शव मिला, मचा हड़कंप



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *