बिहार की आठ एमएलसी सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था और नतीजे अब आ गए हैं. इन आठ सीटों में पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र पर जो रिजल्ट आया है उससे यही लग रहा है कि बीजेपी को आत्ममंथन करने की जरूरत है. ऐसा इसलिए क्योंकि यहां से आरजेडी के डॉ. संजीव कुमार जीते हैं और बीजेपी के नवल किशोर यादव हार गए हैं. यह सीट 30 साल से बीजेपी के पास थी.
नवल किशोर यादव बीजेपी से 1996 से जीतते आ रहे हैं. 1996 में ही वे पहली बार एमएलसी बने थे. 2026 में अब बीजेपी के पास से यह सीट चली गई है. आरजेडी के डॉ. संजीव कुमार ने उन्हें करीब 1000 से अधिक वोटों से हराया. इस रिजल्ट ने सीएम सम्राट चौधरी की टेंशन बढ़ा दी है. ऐसा पॉलिटिकल एक्सपर्ट कह रहे हैं.
बता दें कि कुछ दिनों पहले ही पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव हुआ था. यह सीट भी बीजेपी की थी. जन सुराज के प्रशांत किशोर उपचुनाव में लड़े और बीजेपी का किला ढाह दिया. यानी सम्राट चौधरी के सीएम बनने के बाद बीजेपी के गढ़ में ये दूसरी ऐसी सीट है जहां बीजेपी हारी है.
जानकारी हो कि एमएलसी की आठ सीटों में चार शिक्षक और चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं. ध्यान देने वाली बात यह है कि शिक्षक निर्वाचन के सभी चार सीटिंग एमएलसी अपना चुनाव हार गए हैं.
‘सम्राट के नेतृत्व पर बढ़ेगा दबाव’
बिहार के वरिष्ठ पत्रकार धीरेंद्र कुमार ने एबीपी न्यूज़ से कहा, “…देखिए सम्राट चौधरी के नेतृत्व पर दबाव तो बढ़ेगा… क्योंकि बीजेपी परंपरागत सीटें हार रही है चाहे बांकीपुर हो या पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र… लेकिन सम्राट चौधरी के ऊपर जो दबाव बनेगा उससे भी बड़ी बात ये है कि बीजेपी उस वर्ग का विश्वास खो रही है जो वर्ग आम चुनाव में किसी भी पार्टी की विचारधारा का वाहक होता है…”
यह भी पढ़ें- नहीं चला अनंत सिंह का जादू, कौन हैं नीरज कुमार जिन्होंने बचाया JDU का किला?
उन्होंने आगे कहा कि अगर शिक्षकों का विश्वास बीजेपी खो रही है तो फिर आम जो मतदाता है, जो ग्रामीण मतदाता है, उस तक विचार पहुंचाएगा कौन? कार्यकर्ता विचार नहीं पहुंचाता है, वास्तव में विचार ये लोग पहुंचाते हैं.
‘बीजेपी-एनडीए के लिए चेतावनी’
धीरेंद्र कुमार ने कहा, “जो टीचर है, ग्रेजुएट है, वो जब किसी पार्टी के सिद्धांत पर मुहर लगाता है तो आम लोगों के मन में बैठता है कि समाज का बुद्धिजीवी व्यक्ति कह रहा है तो पार्टी की विचारधारा मेरे हित में है… तो ये रिजल्ट बीजेपी-एनडीए के लिए बहुत बड़ी चेतावनी कि वो बुद्धिजीवी वर्ग का विश्वास खो रही है… सम्राट चौधरी पर तत्काल प्रेशर बढ़ेगा. बुरे तरीके से बीजेपी हार गई…”
यह भी पढ़ें- नीरज कुमार की जीत पर अनंत सिंह की पहली प्रतिक्रिया, जानें क्या कहा
