उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी पर किताब पर तीखी टिप्पणी करते हुए इस किताब को पुरानी घटनाओं से ध्यान भटकाने की कोशिश बताया. वहीं समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर निशाना साधते हुए कारसेवकों पर गोली चलवाने पर सवाल उठाए. उन्होंने दावा किया कि 2027 में यूपी में तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ बीजेपी की सरकार बनेगी.
ब्रजेश पाठक ने कहा कि सोनिया गांधी ने अपनी किताब के जरिए कांग्रेस शासनकाल के विवादित अध्यायों और पुरानी घटनाओं से जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही हैं. उन्होंने आपातकाल और बोफोर्स घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस को पहले अपने शासनकाल के दौरान हुई घटनाओं का जवाब देना चाहिए.
‘पुरानी घटनाओं से ध्यान हटाने की कोशिश’
डिप्टी सीएम ने कहा कि आपातकाल के दौरान कांग्रेस ने लोकतंत्र का गला घोंटने का काम किया था. उस दौर में आम जनता को जो यातनाएं झेलनी पड़ीं उन्हें देश कभी नहीं भूल सकता. कांग्रेस चाहे जितनी कोशिश कर ले, जनता उन घटनाओं को नहीं भूलेगी. केवल पुस्तक लिख देने से इतिहास की सच्चाई नहीं बदल सकती और न ही आपातकाल के काले अध्याय को जनता की यादों से मिटाया जा सकता है.
UP में AIMIM और चंद्रशेखर कितने सीटों पर लड़ेंगे चुनाव? आज ऐलान के आसार, 12 बजे प्रेसवार्ता
अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर कसा तंज
सपा अध्यक्ष के अयोध्या जाने के कार्यक्रम पर ब्रजेश पाठक ने तंज कसते हुए कहा कि ‘सौ चूहे खाकर बिल्ली चली हज को.’ सपा सरकार ने निहत्थे कारसेवकों पर गोलियां चलवाई थीं और कई लोगों की जान गई थी. अब सपा को सनातन संस्कृति की याद आ रही है और अयोध्या धाम के विकास की बातें की जा रही हैं.
डिप्टी सीएम ने कहा कि पहले समाजवादी पार्टी के नेता राम मंदिर आंदोलन और अयोध्या को लेकर अलग-अलग बयान देते थे. लेकिन, अब उन्हें सनातन संस्कृति की स्वीकार्यता का महत्व समझ में आने लगा है. उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम ने उन्हें सद्बुद्धि दी है. उन्होंने सपा पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता सब समझती है.
ब्रजेश पाठक ने सपा सरकार के कार्यकाल पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया’ की स्थिति थी, जबकि आज ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज’ की दिशा में काम हो रहा है.
राजनीतिक बयानबाजी के बीच डिप्टी सीएम ने संयुक्त जिला चिकित्सालय का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा भी लिया. उन्होंने इमरजेंसी कक्ष, आर्थोपेडिक वार्ड, मेडिकल वार्ड, दवा वितरण केंद्र और ऑक्सीजन सप्लाई व्यवस्था का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों औेर उने परिजनों से भी बात की.
निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. मानकों के विपरीत संचालित अस्पतालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, जबकि बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने वाले अस्पतालों को प्रोत्साहित किया जाए.
