परिसीमन बिल को लेकर बुलाए गए संसद सत्र पर सभी दलों की तरफ से सियासी मंथन के साथ ही रणनीतियां बनाई जा रही है. इस बिल पर एनसीपी (शरद पवार) गुट के साथ ही डीएमके ने इसके समर्थन का ऐलान किया. इसके बाद डीएमके के सांसदों ने शुक्रवार की शाम को केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह से दिल्ली स्थित उनके आवास पर मुलाकात की. संसद सत्र से पहले डीएमके की इस मुलाकात को काफी अहम माना जा रहा है.
इस बैठक के बाद डीएमकी सांसद कनिमोझी ने साफ किया कि भले ही वे परिसीमन बिल का समर्थन कर रही हैं, लेकिन उनके रूख में कोई बदलाव नहीं आया है. यानी बिल का समर्थन तो कर रही है, लेकिन बीजेपी के साथ नहीं है. उन्होंने कहा कि हम बस निष्पक्ष परिसीमन चाहते हैं.”
DMK सांसद कनिमोझी कहती हैं, “हमने परिसीमन विधेयक (डिलिमिटेशन बिल) का समर्थन करने का फैसला किया है, क्योंकि DMK की सभी मांगें इसमें शामिल कर ली गई हैं. यह संसद में पिछली बार हमारी कही गई बातों और 2024 में DMK द्वारा पारित प्रस्ताव के अनुरूप है. जब यह विधेयक पहले पेश किया गया था, तब हमारी मांग थी कि परिसीमन, सांसदों की संख्या में वृद्धि और सीटों का आवंटन 1971 की जनगणना के आधार पर हो.
मानी गईं हमारी मांगें
उन्होंने कहा, “उस समय वे इसके लिए तैयार नहीं हुए और उन्होंने इसे 2011 की जनगणना के आधार पर तय किया. हमें यह मंजूर नहीं था, क्योंकि इससे तमिलनाडु के सांसदों की संख्या कम हो जाती. साथ ही, उस विधेयक में इस बात की भी कोई गारंटी नहीं थी कि 50% की बढ़ोतरी सभी राज्यों के बीच समान रूप से बांटी जाएगी. आज, विधेयक में यह प्रावधान शामिल है.
25 साल तक यथास्थिति बनाए रखने (फ्रीज) की भी मानी मांग
कनिमोझी ने कहा कि “DMK ने जिन-जिन बातों पर जोर दिया था, वे सभी अब इसमें शामिल हैं, जिसमें 25 साल तक यथास्थिति बनाए रखने (फ्रीज) की हमारी मांग भी शामिल है. चूंकि ये सभी बातें इसमें शामिल हैं, इसलिए हमें कोई आपत्ति नहीं है. हमें वह मिल गया है जो हम चाहते थे.”
स्टालिन ने भी की थी समर्थन की बात
एक दिन पहले DMK प्रमुख और तमिलनाडु के पूर्व CM एम के स्टालिन ने सोशल मीडिया पर कहा था कि 1971 की जनसंख्या के आधार पर सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाने का प्रावधान नए विधेयक में किया गया है. उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर भावनाओं में बहने के बजाय शांति से विचार करना चाहिए कि अगर इस विधेयक को छोड़ दिया जाता तो क्या स्थिति होती. सभी पहलुओं की विस्तार से समीक्षा के बाद DMK ने व्यावहारिक रूप से संभव और अपने लिए लाभकारी मौजूदा स्वरूप में परिसीमन का समर्थन करने का फैसला किया है.
