समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर चुनाव में बेईमानी करने और मतदाता सूची में हेरफेर की साजिश रचने का आरोप लगाया है. उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपने-अपने बूथों पर सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि बीजेपी फर्जी वोट बनवाती है और विरोधी दलों के असली वोट कटवाती है.
उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता बीजेपी के कुशासन से त्रस्त है और उसने 2027 के विधानसभा चुनाव में सत्ता परिवर्तन का संकल्प ले लिया है. सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने रविवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में विभिन्न जिलों से आए नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बीजेपी फर्जी वोट और बेईमानी को अपनी ताकत समझती है. वह चुनाव जीतने के लिए दस तरह की चालें चलती है.
चुनाव जीतने के लिए बेईमानी करती है- अखिलेश यादव
अखिलेश यादव का कहना है कि बीजेपी कानून और संविधान को नहीं मानती तथा चुनाव जीतने के लिए बेईमानी करती है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से वोट चोरी और चंदा चोरी के प्रति जनता को सावधान करने का आह्वान किया.
सपा अध्यक्ष ने कहा कि बीजेपी समाजवादी पार्टी के नेतृत्व पर झूठे आरोप लगाने को अपनी सफलता समझती है, लेकिन जनता उसकी बेईमानी और झूठ को समझ चुकी है. बीजेपी बदनाम हो चुकी है और अब किसी तरह की मिलीभगत से चुनाव नहीं जीत सकती.
अखिलेश यादव ने किया ये दावा
उन्होंने दावा किया कि जनता बीजेपी का सफाया करने के लिए चुनाव की तारीखों का इंतजार कर रही है. अखिलेश यादव ने प्रदेश की बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, बजट की लूट, अन्याय और अत्याचार से जनता त्रस्त है.
उन्होंने बीजेपी को भू-माफिया पार्टी करार देते हुए आरोप लगाया कि सत्ता के संरक्षण में गरीबों, असहायों और सरकारी जमीनों पर कब्जे किए जा रहे हैं. न्याय मांगने जाने वालों को उल्टे फंसा दिया जाता है और पुलिस भी ऐसे मामलों में बीजेपी समर्थित दबंगों के साथ खड़ी दिखाई देती है.
उन्होंने कहा कि बीजेपी के कुशासन से परेशान जनता ने उत्तर प्रदेश में सत्ता परिवर्तन का संकल्प ले लिया है. प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने को लेकर जनता में एक राय है और पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक (पीडीए) एकजुट है.
सपा चीफ ने बीजेपी पर लगाया ये आरोप
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि पीडीए की एकता से घबराई बीजेपी सरकार और मुख्यमंत्री लगातार इस वर्ग को अपमानित और प्रताड़ित कर रहे हैं. उनके मुताबिक, मौजूदा सरकार में पीडीए को कहीं भी न्याय नहीं मिल रहा है. शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था को लेकर सपा अध्यक्ष ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी बीजेपी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए.
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की रूढ़िवादी और पुरातनपंथी सोच ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को गर्त में धकेल दिया है. बीजेपी सरकार में सरकारी स्कूलों की संख्या घट रही है, जबकि शराब की दुकानें बढ़ रही हैं. उन्होंने दावा किया कि पिछले दस वर्षों में 26 हजार से अधिक प्राथमिक विद्यालय बंद कर दिए गए हैं.
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी के भ्रष्टाचार और लूट के कारण स्कूली शिक्षा बर्बाद हो गई है. सत्ता के संरक्षण में शिक्षा विभाग में तमाम विभाग बन गए हैं और शिक्षकों तथा शिक्षण संस्थानों का हर स्तर पर शोषण हो रहा है.
बीजेपी पर अखिलेश यादव ने लगाया भेदभाव का आरोप
उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार शिक्षकों, स्नातकों और नौजवानों के साथ भेदभाव कर रही है. उन्होंने पेपर लीक के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि देश में सबसे ज्यादा पेपर लीक उत्तर प्रदेश में हुए हैं. बीजेपी सरकार जानबूझकर परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक कराती है.
उनके मुताबिक, डबल इंजन की बीजेपी सरकार ने अपने कार्यकाल में उत्तर प्रदेश को बदनाम किया है. हर योजना में भ्रष्टाचार और लूट हुई है तथा प्रदेश का विकास रुक गया है. सपा प्रमुख ने कहा कि बीजेपी सरकार ने किसानों, नौजवानों, शिक्षकों और छात्रों को छलने का काम किया है. जनहित में कोई काम नहीं हुआ और सरकार की उपलब्धियां शून्य हैं.
उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठकर समय बर्बाद करना, झूठ बोलना और विरोधी दलों को बदनाम करना ही बीजेपी नेतृत्व का एजेंडा रह गया है. अखिलेश यादव ने कहा कि जनता के बीच बीजेपी की पोल खुल चुकी है और उसके पाप का घड़ा भर चुका है. जनता अपने वोट से बीजेपी के पाप का घड़ा फोड़ेगी. उन्होंने दावा किया कि 2027 में बीजेपी सत्ता से हटेगी तो फिर कभी सत्ता में नहीं लौटेगी.
लखनऊ शिवा हत्याकांड: श्रद्धा, रश्मि और दानिश पर 50 हजार इनाम, घर पर नोटिस चस्पा
