बिहार के बेगूसराय में सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां नगर थाना क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों ने सुबह-सुबह ताबड़तोड़ गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया है. इस गोलीबारी में तीन लोगों को गोली लगी है, जिसमें एक की हालत चिंताजनक बताई जा रही है. घटना के बाद तीनों घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
घटना नगर थाना क्षेत्र के बस स्टैंड के पास की है. घायलों की पहचान गाछी टोला निवासी मनोज पासवान, अर्जुन शाह और एक ऑटो चालक के रूप में हुई है. मौके पर पहुंची पुलिस ने हमलावारों की तलाश तेज कर दी है.
यह भी पढ़ें: चिराग पासवान के विधायक पर FIR, 3% कमिशन मांगा, RJD बोली- ‘माल-पानी…’
क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के मुताबिक, अर्जुन शाह सुबह-सुबह बस स्टैंड के पास अपनी फल की दुकान खोल रहे थे. इसी दौरान मनोज पासवान भी वहां मौजूद थे. तभी बाइक सवार बदमाश मौके पर पहुंचे और अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. अपराधियों ने कई राउंड गोलियां चलाईं. अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
इस दौरान वहां मौजूद तीन लोगों को गोली लग गई. गोली लगने के बाद आसपास के लोगों ने आनन-फानन में तीनों घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां एक घायल की स्थिति गंभीर बताई जा रही है.
मौके से कई कारतूस के खोखे बरामद
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस और सदर डीएसपी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से कई खोखे भी बरामद किए हैं. फिलहाल पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन में जुटी हुई है. शुरुआती तौर पर गोलीबारी के कारणों का पता नहीं चल पाया है. घटना के बाद बस स्टैंड और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है.
सुबह-सुबह हुई इस ताबड़तोड़ गोलीबारी ने एक बार फिर बेगूसराय में अपराधियों के बढ़ते मनोबल पर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और अपराधियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें: राहुल गांधी को हिरासत में लेने पर पप्पू यादव बोले- ‘नरेंद्र मोदी और ज्ञानेश…’
