छोटे पर्दे की जानी-मानी एक्ट्रेस और बॉलीवुड अदाकारा बिपाशा बसु के पति करण सिंह ग्रोवर की एक्स वाइफ श्रद्धा निगम आज अपना 47वां जन्मदिन मना रही हैं. आइए इस मौके पर एक नजर श्रद्धा निगम की प्रोफेशनल लाइफ के साथ-साथ उनकी पर्सनल लाइफ पर भी डालते हैं.
इंदौर में हुआ था जन्म
श्रद्धा निगम का जन्म मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी कहे जाने वाले इंदौर शहर में 1 अक्टूबर 1979 को हुआ था. उन्होंने अपनी स्कूल की पढाई इंदौर से ही की थी. इसके बाद वो पुणे आ गई थीं. पुणे से एक्ट्रेस ने फैशन डिजाइनिंग का कोर्स किया था.
इन सीरियल्स में किया काम
फैशन डिजाइनिंग का कोर्स करने के बाद भी श्रद्धा ने एक्टिंग में करियर बनाने का फैसला लिया था. टीवी पर उनकी शुरुआत साल 2000 के सीरियल ‘चूड़ियां’ से हुई थी. इसमें एक्ट्रेस ने रुशाली नाम की लड़की का किरदार निभाया था. आगे जाकर श्रद्धा ने ‘कहानी घर घर की’, ‘कृष्णा अर्जुन’ और ‘मानो या ना मानो’ जैसे सीरिल्स में भी काम किया था.
ये भी पढ़ें: 14 की उम्र में पिता को खो चुके थे शान, 17 की उम्र में गाया पहला गाना, एक्टिंग में भी आजमाया हाथ
करण संग साल भर भी नहीं चली शादी
श्रद्धा दो शादी कर चुकी हैं. उनकी पहली शादी टीवी और बॉलीवुड एक्टर करण सिंह ग्रोवर से हुई थी. हालांकि ये शादी साल भर भी नहीं टिकी. साल 2009 में 10 महीने के भीतर ही दोनों तलाक लेकर अलग हो चुके थे. रिपोर्ट्स के मुताबिक करण का नाम उस वक्त ‘झलक दिखला जा’ शो की कोरियोग्राफर निकोल से जुड़ा था. इसके बाद इस रिश्ते का अंत हो गया.

मयंक आनंद से की थी दूसरी शादी
अलग होने के बाद करण ने दूसरी शादी एक्ट्रेस जेनिफर विंगेट से साल 2012 में की थी और उनका भी तलाक हो गया था. इसके बाद एक्टर की तीसरी शादी बॉलीवुड अदाकारा बिपाशा बसु से साल 2016 में हुई. वहीं श्रद्धा ने दूसरी शादी साल 2012 में मयंक आनंद से की थी.

अब क्या कर रही हैं श्रद्धा निगम?
श्रद्धा निगम लंबे वक्त से एक्टिंग फील्ड से दूर हैं. अब वो अपने पति मयंक आनंद के साथ मिलकर फैशन डिजाइनिंग का काम करती हैं. एक्ट्रेस सोशल मीडिया पर भी एक्टिव रहती हैं. आए दिन श्रद्धा इंस्टाग्राम से अपनी तस्वीरें और वीडियो पोस्ट करती हैं.
ये भी पढ़ें: फिरोज खान ने ठुकराई थी अमिताभ बच्चन की फिल्म ‘हेरा फेरी’, संजय गुप्ता ने बताई वजह
