राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने कहा कि भारत को विश्व का मार्गदर्शक बनाने के लिए केवल किसी एक संगठन, नेता या व्यक्ति के प्रयास पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि पूरे समाज को संगठित होकर खड़ा होना होगा. समाज की सामूहिक शक्ति जब जागृत होती है तो असंभव दिखाई देने वाले कार्य भी सिद्ध हो जाते हैं. इसके लिए देश के प्रत्येक गांव, गली और मोहल्ले में 25, 50 या 100 ऐसे सेवाभावी, चरित्रवान और निस्वार्थ लोग तैयार होने चाहिए, जो समाज के सुख-दुख में साथ खड़े हों और अपने आचरण से दूसरों के सामने आदर्श प्रस्तुत करें.
जोधपुर के शिकारपुरा स्थित श्री राजाराम आश्रम में रविवार को आयोजित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत स्तरीय घोष वर्ग ‘मरु निनाद-2026’ के समापन समारोह में उन्होंने कहा कि संघ का एक ही लक्ष्य है भारत माता की जय. उन्होंने कहा कि हमारा ध्येय है कि भारत का वैभव अमर रहे. देश का उत्थान किसी एक समूह या नेता से नहीं, बल्कि संपूर्ण समाज की सक्रिय भागीदारी से संभव है. समाज की संगठित शक्ति के भरोसे ही धर्म का संरक्षण और राष्ट्र का परम वैभव प्राप्त किया जा सकता है.
उन्होंने कहा, भारत को बांटने के प्रयास किए जा रहे हैं, भागवत ने इसकी तुलना अंग्रेजों की ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति से की. उन्होंने कहा भारत आज सही दिशा में आगे बढ़ रहा है, लेकिन दुनिया की कुछ ताकतें नहीं चाहतीं कि भारत एक महान राष्ट्र बने.
उन्होंने महाभारत का उदाहरण देते हुए कहा कि कौरवों के पास बड़ी सेना होने के बावजूद आपसी मतभेदों के कारण उनकी हार हुई, जबकि एकजुटता के चलते पांडव विजयी हुए, उन्होंने समाज से स्वार्थ, छोटे मतभेद और अहंकार छोड़कर एकजुट रहने की अपील की.
‘दुनिया आशा भरी नजरों से भारत की ओर देख रही’
संघ प्रमुख ने कहा कि आज पूरी दुनिया आशा भरी नजरों से भारत की ओर देख रही है. दुनिया पिछले करीब दो हजार वर्षों से जिस रास्ते पर चली है, वह उसे बेहतर दिशा में नहीं ले जा पा रहा है. अब उसे महसूस होने लगा है कि सही रास्ता भारत के पास है, लेकिन उस रास्ते को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने के लिए भारत को स्वयं तैयार होना पड़ेगा. स्वतंत्रता के बाद अब हमारे ऊपर कोई विदेशी सत्ता नहीं है, इसलिए राष्ट्र निर्माण की जिम्मेदारी हमारी अपनी है.
अच्छे वातावरण से बदलता है समाज का आचरण- भागवत
डॉ. भागवत ने कहा कि समाज का आचरण वातावरण से बदलता है. अच्छाई का वातावरण तैयार करना पड़ता है, तभी अच्छे लोग अच्छा आचरण करते हैं. उन्होंने हावड़ा ब्रिज का उदाहरण देते हुए बताया कि एक व्यक्ति पुल पर खड़ा होकर आसमान की ओर देखने लगा उसे देखकर दूसरा व्यक्ति भी रुक गया और फिर तीसरा, चौथा और देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग वहां इकट्ठे हो गए. किसी को पता नहीं था कि आखिर देखा क्या जा रहा है, लेकिन एक व्यक्ति के व्यवहार से ऐसा वातावरण बना कि पूरी भीड़ उसका अनुसरण करने लगी.
उन्होंने कहा कि समाज भी इसी प्रकार चलता है. हर बस्ती में ऐसे लोग होते हैं, जिन पर समाज भरोसा करता है. आवश्यकता ऐसे लोगों का समूह तैयार करने की है, जिनका जीवन निर्मल चरित्र, सेवा, त्याग और प्रामाणिकता का उदाहरण हो. वे समाज के सुख-दुख में शामिल हों और उनका कोई निजी स्वार्थ नहीं हो. ऐसे लोगों के आचरण से पूरे समाज में सकारात्मक परिवर्तन आएगा.
भारतीय संस्कृति का मूल आधार परोपकार और त्याग- भागवत
डॉ. भागवत ने भारतीय संस्कृति में परोपकार के महत्व को बताते हुए चीन के यात्री ह्वेनसांग का प्रसंग सुनाया. उन्होंने बताया कि ह्वेनसांग नालंदा में लंबे समय तक रहकर ज्ञान अर्जित कर अपने देश लौट रहे थे. गंगा नदी में तूफान आने से उनकी नौका संकट में पड़ गई. नौका का भार कम करने के लिए ग्रंथों को पानी में फेंकने की नौबत आई तो उनके साथ आए नालंदा के तीन छात्रों ने अपने प्राणों की परवाह किए बिना नदी में छलांग लगा दी, ताकि भारत का ज्ञान सुरक्षित उनके देश पहुंच सके.
उन्होंने कहा कि भारत ने कठिन परिस्थितियों में भी दूसरे देशों की सहायता की है. मालदीव में पानी का संकट हो, श्रीलंका की आर्थिक परेशानी हो या नेपाल में भूकंप जैसी आपदा, भारत ने जरूरत के समय मदद पहुंचाई. हमारा धर्म ही परोपकार है. व्यक्ति में इतना पुरुषार्थ होना चाहिए कि वह कमा सके और इतना शील भी होना चाहिए कि कमाई को दूसरों के साथ बांट सके. दो हाथों से कमाओ और हजार हाथों से बांटो, यही भारतीय संस्कृति का संदेश है. उन्होंने कहा कि धर्म का अर्थ केवल रिलिजन नहीं है, बल्कि दूसरों का हित करना और उनकी पीड़ा दूर करना है.
नशे और अहंकार से मुक्त होकर खड़ा हो समाज- भागवत
मोहन भागवत ने कहा कि व्यक्ति यश, सत्ता और संपत्ति के नशे से भी दूर रहे. जो मनुष्य इन नशों से मुक्त रहता है, उसका जीवन सुखी होता है. समाज को संगठित करने के लिए एक लक्ष्य, निस्वार्थ वृत्ति और अनुशासन जरूरी है. उन्होंने कहा कि अंग्रेजों ने भारतीय व्यवस्थाओं और शिक्षा पद्धति को समाप्त कर अपनी व्यवस्थाएं थोप दीं, जिससे समाज अपनी मूल पहचान और सामर्थ्य से दूर होता गया. अब समय है कि समाज अपनी सांस्कृतिक चेतना और मूल्यों को फिर से पहचाने.
ये भी पढ़ें
क्या ‘चुनावी हिंदू’ हैं अखिलेश यादव? हिंदुत्व और PDA के सहारे 27 जीतने की कोशिश में सपा
