भारत जल्द ही 1000 हवाई जहाज का ऑर्डर देने वाला है. देश में इन दिनों हवाई यात्रियों की संख्या काफी बढ़ी है. इसकी वजह से देश में विमानों की कमी हो रही है. इसको लेकर केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने अहम प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने सोमवार (16 नवंबर) को कहा कि जल्द भारत नए जहाजों के लिए ऑर्डर देगा. गोयल इजिप्ट दौरे पर हैं. उन्होंने कहा कि भारत पहले भी ऑर्डर दे चुका है.
पीयूष गोयल ने कहा, ‘भारत ने पहले ही 1200 एयरक्राफ्ट का ऑर्डर दे दिया है, लेकिन हमें जरूरत पूरी करने के लिए 2000 विमानों की जरूरत है. सरकार हवाई जहाज बनाने वाली कंपनियों से लगातार बात कर रही है और उन्हें जल्द से जल्द डिलिवरी देने के लिए कहा है.’ गोयल ने यह भी कहा कि भारत और इजिप्ट के बीच हवाई यात्रा को सुगम बनाने के लिए बेहतर कनेक्टिविटी की जरूरत है.
भारत-इजिप्ट डायरेक्ट कनेक्टिविटी पर भी बात
पीयूष गोयल ने बताया कि सरकार एयरबस और बोइंग जैसी कंपनियों के संपर्क में है और जल्द ही ऑर्डर डिलिवरी के लिए कहा है. दरअसल विमानों की कमी की वजह से एयरलाइंस के लिए नई उड़ाने शुरू करना चुनौती भरा है. इसी वजह से नया नेटवर्क भी तैयार नहीं हो पा रहा है. भारत-इजिप्ट के लिए बीच सीधी उड़ानों की संख्या बढ़ाना भी मुश्किल है. लेकिन विमानों की संख्या बढ़ने के बाद रास्ता आसान हो जाएगा.
स्टार्टअप को लेकर क्या बोले पीयूष गोयल
‘आईएएनएस’ के मुताबिक, पीयूष गोयल ने भारत और इजिप्ट के स्टार्टअप इकोसिस्टम के बीच सहयोग की संभावनाओं को रेखांकित करते हुए कहा कि इजिप्ट के स्टार्टअप्स, विशेष रूप से महिला उद्यमियों और महिला-नेतृत्व वाले स्टार्टअप्स का काम बेहद प्रभावशाली है. उन्होंने कहा कि यदि भारत और इजिप्ट के स्टार्टअप इकोसिस्टम को एक साथ जोड़ा जाए, तो यह दोनों देशों के लिए ‘फोर्स मल्टीप्लायर’ साबित हो सकता है.
यह भी पढ़ें : फिलीपींस के गुरुद्वारा खालसा दीवान पहुंचे PM मोदी, मत्था टेकने के बाद क्या कहा?
