भारत घूमने आने वाले विदेशी पर्यटकों को लेकर अक्सर कहा जाता है कि उनसे ज्यादा पैसे वसूले जाते हैं. सोशल मीडिया पर भी ऐसी कहानियां खूब सुनने को मिलती हैं. लेकिन एक विदेशी महिला ने भारत का बिल्कुल अलग चेहरा दुनिया को दिखाया है. महिला का कहना है कि उसके साथ कई बार ऐसा हुआ जब लोगों ने उससे ज्यादा नहीं, बल्कि कम पैसे लिए. इतना ही नहीं, कई लोगों ने उसे मुफ्त में खाना खिलाया, मिठाई दी और अपने घर तक बुला लिया. अब उसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग भी उसकी बातों से सहमत नजर आ रहे हैं.
‘मुझसे तो कम पैसे लिए गए’
विदेशी महिला जेन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर भारत यात्रा के अनुभव शेयर किया. उसने बताया कि लोग अक्सर कहते हैं कि भारत में विदेशियों से ज्यादा पैसे लिए जाते हैं, लेकिन उसके साथ कई बार इसका उल्टा हुआ. जेन के मुताबिक, एक चाय वाले ने उससे जानबूझकर कम पैसे लिए क्योंकि वह भारत की मेहमान थी. बाद में उसे पता चला कि दुकानदार ने ऐसा सिर्फ मेहमाननवाजी दिखाने के लिए किया था.
रेस्टोरेंट में मिली मिठाई और प्यार
जेन ने बताया कि कई रेस्टोरेंट्स में उसे मुफ्त मिठाई दी गई. साथ ही लोगों ने मुस्कुराते हुए कहा, “Welcome to India.” उसके लिए यह सिर्फ मिठाई नहीं थी, बल्कि भारतीयों के दिल से निकला स्वागत था, जिसे वह कभी नहीं भूल पाएगी.
घर बुलाया, शादी में ले गए
महिला ने बताया कि भारत में उसे सिर्फ अच्छी सर्विस ही नहीं मिली, बल्कि लोगों ने अपने परिवार का हिस्सा भी बना लिया. कई लोगों ने उसे घर पर खाने के लिए बुलाया, कुछ ने पारिवारिक शादियों में शामिल कराया और कई परिवारों ने रहने की जगह तक ऑफर कर दी.
एक शहर से दूसरे शहर तक मिला अपनापन
जेन ने कहा कि अपनी पहली भारत यात्रा के दौरान वह ज्यादातर भारतीय परिवारों के साथ रही. दिलचस्प बात यह रही कि एक शहर में जिस परिवार के साथ वह रहती थी, वही परिवार अगले शहर में अपने रिश्तेदारों या दोस्तों से उसका परिचय करवा देता था. इस तरह उसकी यात्रा सिर्फ घूमने की नहीं, बल्कि रिश्ते बनाने की यात्रा बन गई.
‘ऐसी मेहमाननवाजी कहीं और नहीं देखी’
जेन का कहना है कि उसने दुनिया के कई देशों की यात्रा की है, लेकिन जिस तरह का अपनापन और मेहमाननवाजी भारत में देखने को मिली, वैसी कहीं और नहीं मिली. उसने माना कि कभी-कभी ऑटो या टैक्सी में विदेशी पर्यटकों से ज्यादा पैसे लिए जाने की शिकायतें सामने आती हैं, लेकिन उसके अनुभव में प्यार और सम्मान कहीं ज्यादा मिला.
यह भी पढ़ें: Water Tank Collapse: अचानक भरभराकर गिरी पानी की टंकी, वीडियो देख दहल जाएगा दिल
सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत लिया
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने भी जमकर प्रतिक्रिया दी. एक यूजर ने लिखा, “आपने भारत की असली तस्वीर दिखाई है.” वहीं दूसरे ने कहा, “धन्यवाद, आपने भारतीय मेहमाननवाजी को दुनिया के सामने खूबसूरती से पेश किया.” वीडियो को janekikhoj नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया गया है जिसे अब तक लाखों लोगों ने देखा है तो वहीं कई लोगों ने वीडियो को लाइक भी किया है.
यह भी पढ़ें: Little Girl Viral Video: आर्मी यूनिफॉर्म में आतंकी मारने की जिद, बच्ची का वीडियो वायरल
