मुंबई की लोकल ट्रेन में 22 वर्षीय मयंक लोहार की चाकू मारकर की गई निर्मम हत्या के मामले में पीड़ित परिवार न्याय के लिए सरकार के दरवाजे पर पहुंचा है. बुधवार को मयंक के माता-पिता और बहन ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मंत्रालय में मुलाकात की. परिवार ने मुख्यमंत्री से आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा (फांसी) दिलाने और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है.
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद मयंक का परिवार अपनी भावनाएं नहीं रोक सका. मयंक की मां मेघा ने हाथ जोड़कर और रोते हुए कहा, “मेरे बेटे के हत्यारे को फांसी की सजा मिलनी चाहिए. हमें सिर्फ न्याय चाहिए.”
वहीं, मयंक के पिता रमेश लोहार ने इस वारदात को बेहद खौफनाक बताते हुए कहा, “यह घटना इतनी भयावह थी कि इसे याद करते ही रूह कांप जाती है. हमने मुख्यमंत्री के सामने अपनी मांग रखी है कि आरोपी को फांसी हो, ताकि भविष्य में कोई भी लोकल ट्रेन में इस तरह की खौफनाक वारदात करने की हिम्मत न कर सके.”
महाराष्ट्र: ‘मंसूबे सफल नहीं होंगे…’, डिप्टी CM एकनाथ शिंदे का उद्धव ठाकरे समेत विपक्ष पर हमला
‘अब परिवार का कोई सदस्य बाहर जाता है, तो डर लगता है’
अपने जवान भाई को खोने के बाद मयंक की बहन ग्यामा गहरे सदमे में हैं. उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “भाई की याद हर पल आती है. हालात ऐसे हो गए हैं कि अब परिवार का कोई भी सदस्य घर से बाहर जाता है, तो उसके सुरक्षित लौटने तक चिंता बनी रहती है. हमें बार-बार फोन करके उनकी खैरियत पूछनी पड़ती है.”
ग्यामा ने मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन की सुरक्षा पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा, “मुंबई की लोकल ट्रेन में हर परिवार का कोई न कोई सदस्य रोजाना सफर करता है. ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा सबसे अहम है. आरोपी को फांसी की सजा मिलनी ही चाहिए, पूरा देश यही चाहता है.”
क्या है मयंक हत्याकांड का पूरा मामला?
22 वर्षीय मयंक लोहार चर्चगेट से नालासोपारा जा रही लोकल ट्रेन में सफर कर रहे थे. अंधेरी और बोरीवली स्टेशनों के बीच ट्रेन का ‘दरवाजा खुला रखने’ को लेकर मयंक और एक अन्य यात्री (आरोपी) के बीच विवाद हो गया था. विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ यात्रियों ने आरोपी की पिटाई कर दी. इसके बाद गुस्से में आरोपी ने अपने बैग से धारदार हथियार (चाकू) निकाला और मयंक पर जानलेवा हमला कर दिया.
खून से लथपथ मयंक को गंभीर हालत में शताब्दी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. बोरीवली जीआरपी (GRP) ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी रोशन सुवर्णा को गिरफ्तार कर लिया था. घटना का एक दिल दहला देने वाला वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें आरोपी शर्ट के बटन खोले खून से लथपथ मयंक के पास खड़ा नजर आ रहा था.
अब देखना यह है कि पीड़ित परिवार की मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात के बाद इस मामले में प्रशासन और न्यायपालिका की तरफ से क्या कड़े कदम उठाए जाते हैं.
महाराष्ट्र में बनेगा दुनिया का सबसे बड़ा कृषि बाजार, वधावन पोर्ट के पास 1200 एकड़ में होगा तैयार
