Headlines

महाराष्ट्र: दिवाली से पहले FDA की बड़ी कार्रवाई, 43.56 टन खाद्य सामग्री जब्त


महाराष्ट्र में खाद्य पदार्थों में मिलावट, घटिया गुणवत्ता और नियमों के उल्लंघन के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने राज्यव्यापी विशेष अभियान चलाया. इस अभियान में राज्यभर से करीब 43.56 टन खाद्य सामग्री जब्त की गई, जबकि कुल 719.2 लीटर दूध और घी जब्त या नष्ट किया गया. कार्रवाई में जब्त और नष्ट की गई सामग्री की कुल कीमत करीब 1.56 करोड़ रुपये बताई गई है.

मुंबई में 564 लीटर दूध नष्ट किया गया और कई डेयरियों के रजिस्ट्रेशन व लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई शुरू की गई. इसके अलावा, राज्य के अलग-अलग विभागों में मसाले, तेल, खोया, हल्दी, मिर्च पाउडर, सूखे मेवे और अन्य खाद्य पदार्थों के नमूनों व स्टॉक पर कार्रवाई की गई.

मुंबई में दूध की गुणवत्ता पर कार्रवाई

FDA ने 23 और 24 अक्टूबर को गोवंडी, मानखुर्द, एंटॉप हिल, चेंबूर और धारावी में डेयरियों तथा दूध बिक्री केंद्रों का निरीक्षण किया. गोवंडी की साईंनाथ डेयरी एंड फरसाण मार्ट से 45 लीटर और मानखुर्द की महाराणा डेयरी से 40 लीटर संदिग्ध खुला दूध जब्त कर नष्ट किया गया. मानखुर्द की अगस्ति मिल्क एजेंसी में स्वच्छता संबंधी नियमों का उल्लंघन मिलने पर लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई शुरू की गई. वहीं, गोवंडी ईस्ट की यादव डेयरी बिना लाइसेंस चलती मिली. उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की गई.

एंटॉप हिल के सागर मिल्क सेंटर में दूध के भंडारण और बिक्री में नियमों का उल्लंघन मिलने पर 250 लीटर दूध नष्ट किया गया. इसकी कीमत 11,625 रुपये बताई गई. धारावी की शक्ति डेयरी से 31 लीटर और माहिम वेस्ट के राहुल मिल्क सेंटर से 198 लीटर दूध जब्त कर नष्ट किया गया.

FDA के अनुसार, मुंबई में इस अभियान के दौरान कुल 564 लीटर दूध नष्ट किया गया. विभाग ने कहा है कि दूध की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करने के लिए आगे भी विशेष निरीक्षण अभियान जारी रहेंगे.

‘जब बीकानेर हाउस ने…’, रेहान वाड्रा मामले पर बोले शिवसेना नेता संजय निरुपम

कोंकण विभाग में 9.99 टन खाद्य सामग्री जब्त

कोंकण विभाग में मसाले, अनाज, सूखे मेवे, बीज, इमली, गोंद कतीरा और कच्चे भैंस के दूध की जांच की गई. यहां करीब 9.99 टन खाद्य सामग्री जब्त की गई, जिसकी कीमत 53.55 लाख रुपये बताई गई है. बदलापुर, पनवेल, नवी मुंबई के महापे, वाशी और नेरुल समेत विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई की गई.

जांच के दौरान गलत लेबलिंग, घटिया गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की आशंका के चलते किशमिश, बादाम, पिस्ता, चिया सीड्स, धनिया, जीरा, सरसों, हींग और अन्य सामग्री जब्त की गई. उरण के श्री बालाजी डेयरी, आइसक्रीम एंड फलूदा से 93 लीटर कच्चा खुला भैंस का दूध भी जब्त किया गया. इसकी कीमत 7,440 रुपये बताई गई.

पुणे विभाग में 2.11 टन खोया और मसाले जब्त

पुणे विभाग में करीब 2.11 टन खोया और विभिन्न मसाले जब्त किए गए. इनकी कुल कीमत 7.93 लाख रुपये बताई गई है. 22 अक्टूबर को पुणे-पंढरपुर रोड पर मल्हारस पुलिस स्टेशन की सीमा में एक वाहन से 1,337 किलो खोया जब्त किया गया, जिसकी कीमत 4,81,320 रुपये बताई गई. सांगली जिले के तासगांव स्थित निखिल मसाले से 538 किलो प्याज-लहसुन मसाला भी जब्त किया गया.

इसके अलावा, सोलापुर की एक इकाई से 48 किलो भाजी मसाला और पुणे जिले के नारायणगांव स्थित दलवी मसाले से हल्दी पाउडर, मिर्च पाउडर, मालवणी मसाला तथा मटन मसाला समेत 187.1 किलो खाद्य सामग्री जब्त की गई.

नासिक में 4,069 किलो खाद्य सामग्री और घी जब्त

नासिक विभाग में 4,069 किलो खाद्य सामग्री और 62.2 लीटर देसी गाय का घी जब्त किया गया. इनकी कुल कीमत 8.25 लाख रुपये बताई गई है. कार्रवाई के दौरान हेल्थ मेकर्स एंटरप्राइजेज से 430 किलो भाजी सेव और पीली सेव, भगूर स्थित पंकज ऑयल मिल से 3,210 किलो रिफाइंड सोयाबीन तेल, येवला की दीपक एजेंसी से 62.2 लीटर देसी घी और पंचवटी स्थित पुष्पा ट्रेडिंग से 367 किलो नारियल पाउडर जब्त किया गया.

इन खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता घटिया होने, मिलावट और गलत लेबलिंग की आशंका के चलते खाद्य सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई की गई. छत्रपति संभाजीनगर विभाग में 26.84 टन खाद्य सामग्री जब्त की गई, जिसकी कीमत 64 लाख रुपये बताई गई है. हिंगोली जिले के वसमत स्थित गणराज इंडस्ट्रीज से 23,700 किलो हल्दी पाउडर जब्त किया गया. इसकी कीमत 59.50 लाख रुपये बताई गई है. हल्दी में मिलावट की आशंका जताई गई है.

नांदेड़ और लातूर में मिर्च पाउडर जब्त

नांदेड़ जिले के धर्माबाद स्थित किसान इंडस्ट्रीज से 898 किलो मिर्च पाउडर और 718 किलो नमक जब्त किया गया. लातूर जिले की एक मसाला इकाई से भी 1,217 किलो मिर्च पाउडर जब्त किया गया. इसके अलावा, छत्रपति संभाजीनगर के लकी आइसक्रीम प्रतिष्ठान से 31.6 किलो आम और वनीला फ्लेवर वाला फ्रोजन डेजर्ट भी जब्त किया गया.

चंद्रपुर जिले के बल्लारपुर क्षेत्र स्थित मूसा ऑयल इंडस्ट्रीज में जांच के दौरान दोबारा इस्तेमाल किए गए कंटेनरों में रखा तेल जब्त किया गया. इसमें 134.9 किलो रिफाइंड सोयाबीन तेल और 748.4 किलो रिफाइंड पामोलीन तेल शामिल है. जब्त तेल की कुल मात्रा 883.3 किलो और कीमत करीब 1.77 लाख रुपये बताई गई है. तेल की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर संदेह के बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है.

प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों के खिलाफ भी कार्रवाई

मुंबई- ग्रेटर मुंबई में 22 अक्टूबर को कार्रवाई के दौरान प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों का 4,22,880 रुपये का स्टॉक जब्त किया गया. इस मामले में 24 वर्षीय मुकरादली मुलाहिज अंसारी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया. 23 अक्टूबर को जे.जे. मार्ग पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज की गई.

पुणे- 22 अक्टूबर को छह प्रतिष्ठानों की जांच में सभी छह जगह प्रतिबंधित खाद्य पदार्थ पाए गए. कुल 19,56,261 रुपये का स्टॉक जब्त किया गया. पांच प्रतिष्ठानों के खिलाफ FIR दर्ज की गई और सात लोगों को गिरफ्तार किया गया. पांच प्रतिष्ठानों को सील किया गया तथा दो वाहन भी जब्त किए गए, जिनकी कुल कीमत 11 लाख रुपये बताई गई है.

नासिक- प्रतिबंधित खाद्य पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई में 19,090 रुपये का स्टॉक जब्त किया गया. एक FIR दर्ज की गई और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया.

मुंबई के 7 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित

FDA ने बताया कि राज्यभर में कई खाद्य प्रतिष्ठानों में गंभीर अनियमितताएं मिलीं. इनमें गंदे किचन और ड्रेनेज, शाकाहारी व मांसाहारी खाद्य पदार्थों को एक साथ रखना, बिना अनुमति खाद्य रंगों का इस्तेमाल और कर्मचारियों के मेडिकल सर्टिफिकेट नहीं होना शामिल है.

इन उल्लंघनों के चलते मुंबई के सात प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं. इनके नाम इस प्रकार हैं:

  • ओटोमन कैफे, अंधेरी वेस्ट
  • चाचा ईगल कुल्फी फलूदा, जोगेश्वरी वेस्ट
  • भारत कैंटीन, अंधेरी वेस्ट
  • ग्रीन टर्टल हॉस्पिटैलिटी, ओशिवारा, अंधेरी वेस्ट
  • अतुल टिफिन, भायखला
  • मुंबई दरबार फैमिली रेस्टोरेंट, लोअर परेल
  • पी. बी. एंटरप्राइजेज, सेवरी वेस्ट



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *