Headlines

महाराष्ट्र में सूखे का संकट, राहुल गांधी को नाना पटोले ने लिखा पत्र


कांग्रेस नेता नाना पटोले ने राहुल गांधी को पत्र लिखकर महाराष्ट्र के सूखाग्रस्त इलाकों का दौरा करने और किसानों से बातचीत करने का अनुरोध किया है. पटोले ने पत्र में कहा कि राज्य के किसान इस समय कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं. कम और अनियमित बारिश से खरीफ फसलों को नुकसान पहुंचा है और कई क्षेत्रों में खड़ी फसलें सूखने की स्थिति में हैं. यह मांग ऐसे समय में सामने आई है, जब महाराष्ट्र सरकार ने 265 तहसीलों को सूखाग्रस्त घोषित किया है. 

पटोले ने पत्र में कहा कि फसल खराब होने के साथ किसानों पर कृषि कर्ज का बोझ और परिवार के भविष्य की चिंता भी बढ़ रही है. उन्होंने दावा किया कि इस संकट के बीच किसान आत्महत्या जैसी दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं का सामना कर रहे हैं. उन्होंने राहुल गांधी से प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति को प्रत्यक्ष देखने और किसानों से बातचीत करने का अनुरोध किया.

यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र MLC चुनाव: कांग्रेस ने उतारे तीन उम्मीदवार, नागपुर से किसे टिकट?

पानी, चारा और बीमा की समस्याओं का जिक्र

कांग्रेस नेता ने पत्र में सिर्फ फसल नुकसान ही नहीं, बल्कि पीने के पानी, सिंचाई, पशुओं के चारे, कृषि कर्ज, फसल बीमा और मुआवजे से जुड़ी समस्याओं का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि इन मुद्दों पर किसानों को तत्काल राहत की जरूरत है.

केंद्र से विशेष आर्थिक सहायता की मांग

पटोले ने राहुल गांधी से केंद्र सरकार के माध्यम से महाराष्ट्र के किसानों के लिए विशेष आर्थिक सहायता और फसल नुकसान का मुआवजा दिलाने की दिशा में प्रयास करने को कहा. उन्होंने फसल बीमा की राशि और कृषि कर्ज में राहत का मुद्दा भी उठाने का अनुरोध किया.

रबी सीजन के लिए सहायता दिलाने की अपील

पत्र में राहुल गांधी से आगामी रबी सीजन के लिए किसानों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का मुद्दा केंद्र के सामने प्रभावी तरीके से उठाने की अपील की गई है. इसके अलावा प्रभावित क्षेत्रों में पीने के पानी की व्यवस्था और पशुओं के लिए चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग भी की गई है. महाराष्ट्र में सूखे की आधिकारिक घोषणा के बाद अब फसल नुकसान का आकलन और राहत उपायों की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है.

यह भी पढ़ें- CJP के आशुतोष रांका ने कहा, ‘…तो हमने अमेरिका को बोला था तू कौन है बे’



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *