बी.आर. चोपड़ा के लोकप्रिय धारावाहिक ‘महाभारत’ में गुरु द्रोणाचार्य की भूमिका निभाकर घर-घर में लोकप्रिय हुए जाने-माने अभिनेता सुरेंद्र पाल सिंह इन दिनों प्रॉपर्टी से जुड़े एक मामले को लेकर दुविधा में हैं. अभिनेता ने एक बिल्डर पर उन्हें परेशान करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि उनकी रेजिडेंशियल सोसाइटी के एक हिस्से को तोड़ा जा रहा है और इस मामले में उन्हें पुलिस प्रशासन की तरफ से कोई मदद नहीं मिल रही है.
मुंबई छोड़ने को मजबूर हैं सुरेंद्र पाल सिंह
हाल ही में सुरेंद्र पाल सिंह ने एक मार्मिक वीडियो एबीपी न्यूज के साथ शेयर किया है, इसमें वो काफी भावुक नजर आ रहे हैं और अपनी आपबीती शेयर कर रहे हैं. भारी मन के साथ उन्होंने कहा कि मुंबई को उन्होंने अपना पूरा जीवन दिया है. हालांकि अब एक बिल्डर के आतंक से वो परेशान है और अब उन्हें ऐसा लग रहा है कि उन्हें मुंबई छोड़ना पड़ेगा.
ये भी पढ़ें: फिरोज खान ने ठुकराई थी अमिताभ बच्चन की फिल्म ‘हेरा फेरी’, संजय गुप्ता ने बताई वजह
सुरेंद्र ने बिल्डर पर लगाए आरोप
बता दें कि मुंबई के वर्सोवा इलाके में सुरेंद्र पाल की रेजिडेंशियल सोसाइटी है. उन्होंने बताया कि यहां एक बिल्डर अपनी मनमानी करते हुए उनके एक बड़े हिस्से को तोड़ने का काम कर रहा है. एक्टर ने बिल्डर के खिलाफ पुलिस प्रशासन से मदद मांगी है, हालांकि उन्हें पुलिस की तरफ से मदद नहीं मिली. अब उन्होंने एबीपी न्यूज को वीडियो भेजकर मदद की गुहार लगाई है.

गुंडागर्दी पर उतरा बिल्डर
सुरेंद्र पाल ने आरोप लगाया कि बिल्डर उनके खिलाफ करीब एक हफ्ते से मनमानी कर रहा है और अपने साथ सैकड़ों बाउंसर लेकर रौब दिखा रहा है. हालांकि इस मामले में अब तक बिल्डर के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हुई है.

कई सीरियल्स में नजर आए सुरेंद्र पाल
73 वर्षीय सुरेंद्र पाल ने साल 2002 के सीरियल ‘रामायण’ में ऋषि वशिष्ठ का किरदार निभाया था. वहीं साल 1988 के पॉपुलर सीरियल ‘महाभारत’ में वो गुरु द्रोणाचार्य के रोल में नजर आए थे. इसके अलावा ‘शक्तिमान’ जैसे सीरियल में उन्हें तमराज किलविश के किरदार में देखा गया. इसके अलावा वो ‘चंद्रकांता’ और ‘चाणक्य’ जैसे शोज का भी हिस्सा रहे. वहीं उन्होंने ‘ईंट का जवाब पत्थर’ और ‘एयरलिफ्ट’ जैसी फिल्मों में भी काम किया.

ये भी पढ़ें: 14 की उम्र में पिता को खो चुके थे शान, 17 की उम्र में गाया पहला गाना, एक्टिंग में भी आजमाया हाथ
