मुजफ्फरपुर के प्रसाद अस्पताल में ICU वार्ड में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने से 5 लोगों की मौत की खबर है, जबकि 15 से ज्यादा घायल हैं. घायलों को इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. नगर आयुक्त ऋतुराज सिंह ने कहा, “अब तक पांच लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. कई अन्य लोग घायल हैं, जिनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है.” इससे पहले, मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने बताया था कि सुबह घटना की सूचना मिलने पर मृतकों की संख्या तीन थी. उन्होंने बताया कि आईसीयू में लगभग 13 से 15 मरीजों का इलाज चल रहा था, जिन्हें उनके परिजन अन्य अस्पतालों में ले गए हैं.
जिलाधिकारी ने कहा, ‘‘हम मरीजों के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं. आग पर काबू पा लिया गया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है.’’ अस्पताल प्रशासन के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर आशंका है कि आईसीयू वार्ड में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी और तेजी से फैल गई, जिससे आईसीयू में धुआं भर गया और मरीजों को बाहर निकालने में काफी कठिनाई हुई.
पांच सदस्यीय टीम गठित
लापरवाही के सवाल पर नगर आयुक्त ऋतुराज सिंह ने पत्रकारों से कहा कि जिलाधिकारी ने मामले की गहन जांच के लिए अपर समाहर्ता (एडीएम), अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) समेत अन्य अधिकारियों की पांच सदस्यीय टीम गठित की है. उन्होंने कहा, ‘‘जांच दल की रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आग लगने की वास्तविक वजह क्या थी.’’
