उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में समाजवादी पार्टी (SP) द्वारा आयोजित ब्राह्मण सम्मेलन में मुरादाबाद की सांसद रुचि वीरा ने कई अहम मुद्दों पर बेबाकी से अपनी राय रखी. उन्होंने जहां एक तरफ बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान को मिल रही धमकियों पर करारा जवाब दिया, तो वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बयानों पर भी तीखा पलटवार किया. इसके अलावा, कार्यक्रम में सपा विधायकों की गैरमौजूदगी ने पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी को भी एक बार फिर उजागर कर दिया.
लॉरेंस बिश्नोई गैंग द्वारा अभिनेता आमिर खान की शादी को ‘लव जिहाद’ बताकर धमकी देने के मामले में रुचि वीरा ने कड़ी आपत्ति जताई. उन्होंने कहा, “हमारे देश में हर इंसान को अपनी ज़िंदगी जीने और अपने धर्म को मानने की पूरी आज़ादी है. चंद लोग ऐसे हैं जो यह कहते हैं कि ‘यह नहीं होना चाहिए, वो नहीं होना चाहिए’, ऐसे लोगों को असल में विकास की बात करनी चाहिए. हमें देश को एकजुट करने पर बात करनी चाहिए ताकि हमारा देश चीन जैसे देशों का मुकाबला कर सके.”
आजम खान को नहीं मिली राहत, इस मामले में कोर्ट ने बरकरार रखी 2 साल की सजा
सीएम योगी के बयानों पर तीखा पलटवार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सपा सरकार पर उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए सांसद ने कहा कि उनकी अनर्गल बातों का कोई औचित्य नहीं है. हनुमान गढ़ी का जिक्र: रुचि वीरा ने कहा, “सीएम कह रहे थे कि हनुमान गढ़ी में नमाज़ पढ़ी गई, जबकि उन्हीं की पार्टी के एक सांसद ने इसे गलत ठहराते हुए कहा कि ऐसा नहीं हुआ था.”
कांवड़ यात्रा पर बयान: कांवड़ यात्रा को लेकर सीएम के दावे पर पलटवार करते हुए सपा सांसद ने कहा, “यह कहना सरासर गलत है कि सपा सरकार में कांवड़ नहीं निकलने दी जाती थी. सच्चाई यह है कि सपा सरकार में कांवड़ यात्रा का हमेशा सम्मान हुआ है.”
सपा की गुटबाजी आई सामने, सभी 4 विधायकों ने बनाई दूरी
समाजवादी पार्टी ने मुरादाबाद में ब्राह्मण मतदाताओं को लुभाने के लिए इस ब्राह्मण सम्मेलन का आयोजन किया था. इसमें बलिया के सपा सांसद सनातन पांडेय और मुरादाबाद की सांसद रुचि वीरा तो शामिल हुईं, लेकिन जिले के 4 सपा विधायकों में से एक भी कार्यक्रम में नहीं पहुंचा. जिलाध्यक्ष जयवीर यादव के बुलावे के बावजूद विधायकों और पूर्व विधायकों का न आना शहर में चर्चा का विषय बन गया.
विधायकों की गैरमौजूदगी पर क्या बोलीं रुचि वीरा?
गुटबाजी और विधायकों की दूरी पर सवाल पूछे जाने पर रुचि वीरा ने कहा, “मैंने अपनी ज़िम्मेदारी निभाई है. यह तो उन विधायकों को सोचना चाहिए कि वे क्यों नहीं आए और जनता के प्रति उनकी क्या ज़िम्मेदारी है. मैं तो हर जगह मुस्तैदी से रहती हूं, यह आप लोग भी देख रहे हैं. गुटबाजी की कोई बात नहीं है, लेकिन इसका जवाब वही देंगे कि वे क्यों नहीं आए. मैं अपनी ज़िम्मेदारी समझते हुए पहुंच गई.”
सूत्रों की मानें तो मुरादाबाद सपा में आंतरिक गुटबाजी के चलते विधायक अक्सर सांसद रुचि वीरा की किसी भी मीटिंग या कार्यक्रम में शामिल नहीं होते हैं. यही वजह रही कि आज के इतने बड़े कार्यक्रम से भी उन्होंने दूरी बनाए रखी.
महोबा में मंदिर के पुजारी की बेरहमी से हत्या, संकट मोचन मंदिर में खून से लथपथ मिला शव
