Headlines

‘मेरी कॉमेडी में 99 परसेंट क्रेडिट असरानी का’, जब कादर खान ने एक्टर को लेकर किया था रिएक्ट


हिंदी सिनेमा के दो मशहूर कलाकार कादर खान और असरानी की जोड़ी ने पर्दे पर कई यादगार कॉमेडी सीन दिए. दोनों की टाइमिंग और एक-दूसरे के साथ तालमेल दर्शकों को खूब पसंद आता था. कादर खान अपनी कॉमेडी का बड़ा हिस्सा असरानी को देते थे.

कादर ने एक बार खुद कहा था कि फिल्मों में उनकी कॉमेडी में 99 फीसदी योगदान असरानी का है. कादर खान ने लोकप्रिय चैट शो ‘जीना इसी का नाम है’ में अपनी जिंदगी और फिल्मी सफर से जुड़े कई किस्से सुनाए थे. इस दौरान उन्होंने असरानी की तारीफ करते हुए बताया कि उनके साथ काम करने से उनकी कॉमेडी और बेहतर होती गई.

‘मेरी कॉमेडी में असरानी का बड़ा योगदान’

कादर खान ने कहा था, ‘मेरी जिंदगी में कॉमेडी का 99 फीसदी हिस्सा असरानी का योगदान है.’ बातचीत में कादर खान ने कहा था, ‘कॉमेडी अकेले नहीं की जा सकती, इसमें सामने वाले कलाकार का साथ और उसकी टाइमिंग बहुत मायने रखती है. जैसे कोई भी इंसान टेनिस अकेले खेल नहीं सकता. 

अगर मुझे टेनिस खेलना है, तो मेरे सामने एक अच्छा खिलाड़ी होना चाहिए. अगर वह अच्छा खेलता है, तो मुझे भी अच्छे शॉट खेलने का मौका मिलता है. अगर मुझे पता चले कि सामने खेलने वाला कोई नहीं है, तो मैं पहला सेट ही जीत जाऊंगा. लेकिन जो इंसान आपको पूरा सेट खेलने पर मजबूर करता है, वह असरानी हैं.’ कादर खान की ये बातें सुनकर असरानी भी भावुक हो गए थे. उन्होंने मुस्कुराते हुए कादर खान का शुक्रिया अदा किया और कहा, ‘धन्यवाद, आपका बहुत-बहुत धन्यवाद.’.

40 से ज्यादा फिल्मों में साथ किया काम

कादर खान और असरानी ने साल 1982 से 2008 के बीच 40 से ज्यादा फिल्मों में साथ काम किया था. 80 और 90 के दशकों में दोनों की जोड़ी ने दर्शकों को खूब हंसाया. उनकी कई फिल्मों में गोविंदा, शक्ति कपूर और जितेंद्र जैसे कलाकार भी नजर आए. ‘हिम्मतवाला’, ‘जानी दोस्त’, ‘जस्टिस चौधरी’, ‘नौकर बीवी का’, ‘मवाली’, ‘घर एक मंदिर’, ‘कैदी’, ‘बाप नंबरी बेटा दस नंबरी’, ‘प्यार का कर्ज’, ‘राजा बाबू’, ‘कुली नंबर 1’, ‘दूल्हे राजा’ और ‘आंखियों से गोली मारे’ जैसी फिल्मों में दोनों की केमिस्ट्री देखने को मिली कादर खान का 31 दिसंबर 2018 को 81 साल की उम्र में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था. वहीं, असरानी ने 20 अक्टूबर 2025 को मुंबई में 84 साल की उम्र में आखिरी सांस ली.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *