Headlines

‘मैंने पापा से वादा किया था’, सहवाग के बेटे ने 160 रनों की पारी खेलने के बाद खोला राज


भारत के पूर्व दिग्गज ओपनर वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग सुर्खियों में हैं. वह 2026 अंडर-19 एशिया कप में टीम इंडिया का हिस्सा हैं. मंगलवार को आर्यवीर सहवाग ने ‘करो या मरो’ के मैच में यूएई के खिलाफ 168 गेंद में 160 रनों की करिश्माई पारी खेली. उन्होंने टीम के 50 प्रतिशत से ज्यादा रन अकेले बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से 17 चौके और 7 छक्के निकले. 

भारत ने इस मैच में 70 रनों से जीत दर्ज की. टीम इंडिया ने पहले खेलने के बाद 50 ओवर में 7 विकेट पर 309 रन बनाए थे. जवाब में यूएई की टीम 239 रनों पर ढेर हो गई. मैच के बाद आर्यवीर सहवाग ने कहा, “मैंने अपने पापा से आज बड़ा स्कोर बनाने का वादा किया था, और शुक्र है कि मैंने वह कर दिखाया. मैंने उनसे कहा था कि मैं बड़ा शतक बनाऊंगा. मुझे उनकी विरासत को कायम रखना है, क्योंकि उन्हें सिर्फ  शतक ही पसंद हैं.”

सेमीफाइनल में पहुंची टीम इंडिया 

अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड (मिनिस्ट्री टर्फ 2) में खेले गए इस मैच में भारतीय कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने आर्यवीर के साथ पहले विकेट के लिए 83 गेंदों में 62 रनों की साझेदारी की. लक्ष्य 32 गेंदों में 2 चौकों के साथ 17 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद आर्यवीर ने वीके विनीत के साथ दूसरे विकेट के लिए 183 गेंदों में 193 रन जुटाकर टीम को 255 रन तक पहुंचा दिया. 

टीम इंडिया को आर्यवीर सहवाग के रूप में दूसरा झटका लगा. आर्यवीर 168 गेंदों में 7 छक्कों और 17 चौकों के साथ 160 रन बनाकर आउट हुए, जबकि वीके विनीत ने 69 गेंदों में 3 छक्कों और 3 चौकों के साथ 67 रन बनाए. इनके अलावा यशबर्धन चौहान ने 17 रन और अन्वय द्रविड़ ने 12 रन का योगदान टीम के खाते में दिया. यूएई के लिए नसीम खान ने 10 ओवरों में 48 रन देकर 4 विकेट हासिल किए, जबकि हिदायतुल्लाह खान, नूरुल्लाह अयोबी और कप्तान अयान मिस्बाह ने 1-1 विकेट हासिल किया. 

इसके जवाब में यूएई की टीम पारी की अंतिम गेंद पर 239 के स्कोर पर सिमट गई. कप्तान अयान मिस्बाह ने जैनुल्लाह रहमानी के साथ पहले विकेट के लिए 36 रन की साझेदारी की. रहमानी 16 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद ययिन राय ने मिस्बाह और अहमद खुदादाद के साथ 25-25 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 86 के स्कोर तक पहुंचा दिया. 

इसके बाद अहमद खुदादाद ने मोर्चा संभाला. उन्होंने नूरुल्लाह अयोबी के साथ सातवें विकेट के लिए 52 गेंदों में 90 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 231 के स्कोर तक पहुंचाया, लेकिन इस साझेदारी के टूटने के बाद यूएई ताश के पत्तों की तरह बिखर गई. खुदादाद 74 गेंदों में 9 बाउंड्री के साथ 74 रन बनाकर आउट हुए, जबकि अयोबी ने 25 गेंदों में 39 रन की पारी खेली. 

भारत के लिए ईशान सूद ने 7 ओवरों में 37 रन देकर 4 विकेट झटके. उनके अलावा मोहित उल्वा, मनल चौहान, काव्य पटेल, यशबर्धन चौहान, आर्यन सवसनी और अर्जुन राजपूत ने 1-1 विकेट हासिल किया.

यह भी पढ़ें- 

8 साल पुराने विवाद पर फिर मचा बवाल, मिचेल स्टार्क ने उस्मान ख्वाजा के दावों को किया खारिज



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *