Headlines

रणवीर सिंह पर टूटा दुखों का पहाड़, नाना राम हिंगोरानी का 96 साल की उम्र में निधन


बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. उनके नाना डॉ. राम हिंगोरानी अब इस दुनिया में नहीं रहे. उन्होंने 96 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया. ‘धुरंधर’ एक्टर के नाना ने 8 नवंबर को दिवाली के दिन लक्ष्मी पूजा के दौरान आखिरी सांस ली. रणवीर सिंह की मौसी की बेटी सौम्या हिंगोरानी ठाकरे ने इस खबर की पुष्टि की है. 

सौम्या हिंगोरानी ठाकरे ने दादा के निधन पर शेयर किया भावुक पोस्ट

रणवीर सिंह की कजिन सौम्या हिंगोरानी ठाकरे ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट शेयर कर अपने दादा डॉ. राम हिंगोरानी के निधन पर दुख जताया. उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपने दादा के साथ बिताए खास पलों की तस्वीरें और वीडियो शेयर किए हैं. इसके साथ ही उन्होंने एक लंबा नोट भी लिखा है.

‘दुख मनाने के बजाय खुशी के साथ याद किया जाना चाहिए’

सौम्या ने अपनी पोस्ट में लिखा, ’96 साल की उम्र. ये एक ऐसी जिंदगी है, जिसे दुख मनाने के बजाय खुशी के साथ याद किया जाना चाहिए. मेरे दादू, डॉ. राम, दिवाली के दिन शांति से हमें छोड़कर मेरी दादी के पास चले गए. उन्होंने जाने के लिए इससे ज्यादा शुभ समय नहीं चुना हो सकता था. दिन का सबसे सुनहरा पल था, जब लक्ष्मी पूजा हो रही थी. मुझे यकीन है कि वो दोनों अपनी कुर्सियों पर बैठे होंगे, व्हिस्की की चुस्कियां ले रहे होंगे और साथ बैठकर हमें देख रहे होंगे.’

‘दुनिया के सबसे बेहतरीन दादू होने के लिए आपका शुक्रिया’

उन्होंने आगे लिखा, ‘दुनिया के सबसे बेहतरीन दादू होने के लिए आपका शुक्रिया. हमें सब कुछ देने के लिए धन्यवाद. मेरे लिए आइसक्रीम का एक स्कूप बचाकर रखना. फिर कभी साथ में डांस करेंगे. हरि ओम.’ सौम्या ने इंस्टाग्राम पर कुछ वीडियो भी शेयर किए हैं, जिनमें रणवीर सिंह के नाना डांस करते नजर आ रहे हैं. 

नाना के साथ कई तस्वीरें और वीडियो शेयर कर चुके हैं रणवीर

रणवीर सिंह अपने नाना के काफी करीब थे. एक्टर अक्सर सोशल मीडिया पर उनके साथ तस्वीरें और वीडियो शेयर करते रहते थे. अगस्त 2020 में रणवीर ने अपने नाना की एक तस्वीर शेयर की थी. इसमें वो सिर पर कैप, आंखों पर बड़ा चश्मा और गले में सोने की चेन पहने नजर आए थे. इस तस्वीर के साथ रणवीर ने कैप्शन में ‘नाना-जी’ लिखा था.

अगस्त 2023 में अपनी फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ के प्रमोशन के दौरान भी रणवीर ने नाना के साथ कुछ तस्वीरें और वीडियो शेयर किए थे. उस समय उनके नाना 93 साल के थे. एक वीडियो में दोनों फिल्म के गाने ‘झुमका गिरा रे’ पर डांस करते नजर आए थे. उनके नाना ने ‘टीम रॉकी’ लिखी हुई टी-शर्ट भी पहनी थी. इस दौरान उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा था, ‘टिक्की छोड़ो, टकीला लाओ!’

93 साल की उम्र में वोट डालने पहुंचे थे रणवीर सिंह के नाना

मई 2024 में भी रणवीर ने अपने नाना की एक तस्वीर शेयर की थी, जिसमें वो मुंबई में वोट डालने पहुंचे थे. उस वक्त काफी गर्मी थी, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था. रणवीर ने इस तस्वीर के साथ लिखा था, ’93 साल की उम्र, बाहर 93 डिग्री तापमान, लेकिन उन्होंने वोट दिया. वो एक जिम्मेदार वोटर हैं. हर वोट मायने रखता है.’ फिलहाल रणवीर सिंह ने अपने नाना के निधन पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *