राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के नतीजों के बाद बाड़मेर जिला कलेक्टर IAS चिन्मयी गोपाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. वीडियो में चुनाव जीतकर पहुंचे प्रत्याशियों को प्रमाण-पत्र सौंपने के दौरान कलेक्टर की कार्यशैली और बॉडी लैंग्वेज को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं. देखते ही देखते यह मामला सोशल मीडिया से निकलकर सियासी बहस का मुद्दा बन गया है.
दरअसल, शुक्रवार को पंचायत चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद विजयी प्रत्याशी प्रमाण-पत्र लेने पहुंचे थे. इसी दौरान कलेक्टर द्वारा बैठकर प्रमाण-पत्र सौंपने के तरीके को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं. कुछ लोगों ने इसे जनप्रतिनिधियों के प्रति प्रशासनिक व्यवहार से जोड़कर सवाल उठाए हैं.
यह भी पढ़ें: जोधपुर-जैसलमेर हाईवे पर भीषण बस हादसा, गुजरात के तीन यात्रियों की मौत; 15-20 यात्री घायल
पूर्व मंत्री राजपाल सिंह शेखावत ने मुख्य सचिव को किया टैग
वायरल वीडियो को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री राजपाल सिंह शेखावत ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करते हुए मुख्य सचिव को टैग किया और प्रशासनिक रवैये पर तंज कसा. वहीं कांग्रेस नेता अजय शर्मा ने भी कलेक्टर के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए टिप्पणी की.
अजय शर्मा ने लिखा कि बाड़मेर की जिला कलेक्टर चिन्मयी गोपाल को ये परिणाम अच्छे नहीं लग रहे, वरना चुनाव जीतकर आने वाले जनप्रतिनिधियों को सर्टिफिकेट ऐसे कौन पकड़ाता है, जैसे कोई एहसान कर रही हो.
सोशल मीडिया पर भी छिड़ी बहस
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स भी अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कुछ यूजर्स ने विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण-पत्र देने के तरीके पर सवाल उठाए, तो एक यूजर ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को संबोधित करते हुए लिखा कि जनता हर बात पर नजर रखती है और देखती है कि अधिकारी किस तरह सरकार पर हावी हैं.
फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर राजनीतिक और सोशल मीडिया पर बहस जारी है. हालांकि, इस पूरे मामले में जिला प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है.
यह भी पढ़ें: राजस्थानः पंचायत चुनाव में क्यों डिरेल हुआ डबल इंजन? BJP में होगा हार पर मंथन
