Headlines

राजस्थान में BJP की हार के पीछे ‘भाटी फैक्टर’! EWS यात्रा और UGC विवाद ने बिगाड़ा गणित?


राजस्थान में शुक्रवार को घोषित पंचायत चुनाव के नतीजे सत्तारूढ़ बीजेपी के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं हैं. कांग्रेस पार्टी की आंधी में बीजेपी तिनके की तरह उड़ गई. जिला परिषद की 1275 सीटों में से कांग्रेस पार्टी ने 62 फीसदी यानी 794 सीटें जीती हैं, जबकि बीजेपी सिर्फ 28 फीसदी यानी 358 सीटों पर ही जीत सकी है.

इसी तरह पंचायत समितियों के 7520 पदों में से कांग्रेस पार्टी ने 3758 और बीजेपी ने 2213 सीटों पर जीत दर्ज की. राजस्थान के राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक बीजेपी की यह हार सिर्फ आंकड़ों की हार नहीं है. यह उस वोट बैंक की नाराजगी भी है, जिसे बीजेपी अपना सबसे मजबूत किला मानती थी. इसमें सवर्ण और EWS वर्ग का युवा शामिल है. करीब साल भर पहले UGC के नए इक्विटी नियमों को लेकर सवर्ण संगठनों में जबरदस्त आक्रोश फैला. 

आरोप था कि नए नियमों में भेदभाव की परिभाषा एकतरफा है और सामान्य वर्ग के छात्र को बिना सुने ही आरोपी मान लिया जाएगा. इस मुद्दे पर अगस्त महीने में जयपुर में करणी सेना के प्रदर्शन पर पुलिस कार्रवाई के बाद यह गुस्सा और भड़क गया. सुप्रीम कोर्ट ने 29 जनवरी को नियमों पर अंतरिम रोक जरूर लगा दी, लेकिन सवर्ण समाज की मांग थी कि सरकार इन्हें पूरी तरह वापस ले. जब ऐसा नहीं हुआ, तो यही गुस्सा गांव-गांव में पंचायत चुनाव के वोट में बदल गया.

भाटी की EWS यात्रा ने दी आग को हवा

इसी माहौल में बाड़मेर जिले की शिव विधानसभा सीट से निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने EWS सरलीकरण यात्रा निकाली. बाड़मेर से शुरू होकर श्रीडूंगरगढ़, चूरू और जयपुर तक गई इस यात्रा ने ‘जमीन के आकार से गरीबी मत नापो’ का एक ही नारा दिया.

तेज तर्रार युवा विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने यात्रा के दौरान बार-बार कहा कि पश्चिमी राजस्थान में किसी के पास 5 एकड़ बंजर जमीन है तो वह अमीर नहीं हो जाता, लेकिन उसी शर्त पर उसका EWS सर्टिफिकेट रद्द हो जाता है. उन्होंने प्रमाण-पत्र की वैधता बढ़ाने, आयु सीमा और फीस में छूट और राज्य के सर्टिफिकेट को केंद्र में मान्यता देने की मांग उठाई.

जयपुर में यात्रा के समापन के दिन विधायक रविंद्र सिंह भाटी ने छात्रों से संवाद में कहा था, “ग्रामीण लोग पंचायती राज चुनाव में इलाज करने के लिए तैयार बैठे हैं.” उनकी यह बात पंचायत चुनाव के नतीजे में सच साबित हुई.

बाड़मेर में ही दिखा सबसे बड़ा असर

रविंद्र सिंह भाटी का गृह जिला बाड़मेर ही इस बार बीजेपी के लिए सबसे बड़ी चोट बना. यहां पंचायत समिति में कांग्रेस ने 120 सीटें जीतीं, जबकि बीजेपी को सिर्फ 62 सीटें मिलीं. यहां सांसद हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी RLP को भी 75 सीटें मिलीं, जो भाटी समर्थक युवा वोटरों की नाराजगी का संकेत है.

बाड़मेर से सटे हए जैसलमेर में भी कांग्रेस 89-36 से आगे रही. भाटी की यात्रा वाले जिलों- बीकानेर में कांग्रेस 155-65, सीकर में 179-87 और जोधपुर में 195-81 से जीती. यानी जहां-जहां यात्रा का असर था, वहां-वहां बीजेपी के परंपरागत वोटर ने या तो कांग्रेस को वोट दिया या निर्दलीय और RLP को. पंचायत समिति में निर्दलीयों को मिली 627 और RLP को मिली 496 सीटें भी इसी बगावत की कहानी कहती हैं.

बीजेपी को कितना नुकसान ?

राजनीतिक नुकसान- सीएम भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर में कांग्रेस 46-32 से आगे रही, जबकि निर्दलीय 76 सीटें ले गए. जयपुर में कांग्रेस 216-87 से जीती.

सामाजिक नुकसान- पंचायत समिति में कांग्रेस 33 जिलों में आगे रही, बीजेपी सिर्फ अजमेर, बालोतरा, सलूम्बर और उदयपुर में आगे रह पाई. सवर्ण वोटर अब बीजेपी को अपना ‘नेचुरल’ दल नहीं मान रहा.

UGC और EWS जैसे मुद्दों पर चुप्पी अब बीजेपी को महंगी पड़ रही है. गांव के युवा ने साफ कर दिया है कि वह सिर्फ डबल इंजन के नारे पर वोट नहीं देगा, उसे अपने सर्टिफिकेट, नौकरी और सम्मान की गारंटी चाहिए. पंचायत चुनाव ने बता दिया है कि भाटी की यात्रा सिर्फ एक यात्रा नहीं थी, वह बीजेपी के खिलाफ सवर्ण युवाओं के गुस्से का ट्रेलर भी था. 

‘अब BJP के जाने का समय आ चुका है’, पंचायत चुनाव में जीत के बाद बोले अशोक गहलोत



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *