नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायणम्’ लंबे समय से काफी चर्चा में बनी हुई है. फिल्म जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज होगी. इसके प्रीमियर्स भी शुरू हो चुके हैं और एडवांस बुकिंग तो 21 अक्तूबर से ही ओपन कर दी गई थी, जिसके बाद ‘रामायणम्’ के लिए लोग धड़ल्ले से टिकट बुकिंग कर रहे थे. ऐसे में जब इसकी रिलीज को अभी 5 दिनों का और भी वक्त बचा है तो इसने रणबीर के करियर का रिकॉर्ड बना दिया है. इसकी एक्टर की टॉप 10 ओपनिंग करने वाली फिल्मों की लिस्ट में एंट्री हो चुकी है.
सैकनिल्क के अनुसार, ‘रामायणम्’ ने 31 अक्तूबर की शाम 6.30 बजे तक 20.56 करोड़ का बिजनेस ब्लॉक सीट के साथ कर लिया है. जबकि इसने बिना ब्लॉक सीट के 17.18 करोड़ की कमाई कर ली है. इसके लिए 4.25 लाख टिकट्स बिक चुके हैं. 306 शहरों में 23 शोज हाउस फुल हो चुके हैं और इसे 9,839 शोज भी मिल चुके हैं.
रणबीर कपूर की 6वीं बिगेस्ट ओपनर बनी ‘रामायणम्’ (नेट)
‘रामायणम्’ 17 करोड़ से ज्यादा नेट कलेक्शन करने के बाद रणबीर कपूर की छठी बिगेस्ट ओपनर फिल्म बन चुकी है. इसने ‘तू झूठी मैं मक्कार’, ‘ऐ दिल है मुश्किल’ और ‘रॉकस्टार’ जैसी 4 फिल्मों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है. देखिए रणबीर की टॉप 10 बिगेस्ट ओपनर…
1. एनिमल- 63.8 करोड़
2. ब्रह्मास्त्र- 37 करोड़ (5 करोड़ साउथ का डब वर्जन भी शामिल)
3. संजू- 34.74 करोड़
4. बेशर्म- 21.56 करोड़
5. ये जवानी है दीवानी- 19.45 करोड़
6. रामायणम- 17.55 करोड़ (5 दिन रिलीज के बाकी)
7. तू झूठी मैं मक्कार- 15.73 करोड़
8. ऐ दिल है मुश्किल- 13.30 करोड़
9. रॉकस्टार- 11 करोड़
10. तमाशा- 10.87 करोड़
आपको बता दें कि ‘रामायणम्’ की रिलीज में अभी पांच और दिनों का वक्त बचा है. ऐसे में माना जा रहा है कि ये रणबीर कपूर की बिगेस्ट ओपनिंग करने वाली फिल्म बन सकती है. हालांकि, अभी शुरुआत में कुछ भी कह पाना मुश्किल होगा. 5 नवंबर रणबीर की बॉक्स ऑफिस पर परीक्षा की घड़ी होगी. फिल्म को दुनियाभर में रिलीज किया जाएगा. इसे नॉर्थ अमेरिका में 4 नवंबर को ही रिलीज कर दिया जाएगा.
लॉस एंजेलिस में हो चुका प्रीमियर
‘रामायणम्’ का ग्रैंड प्रीमियर लॉस एंजेलिस में भी किया जा चुका है, जहां इसकी लोगों ने जमकर तारीफ की साथ ही भारतीय सिनेमा के बढ़ते स्केल की भी लोगों ने सराहना की. वैश्विक स्तर पर सिनेमा की तारीफ देख अनुपम खेर ने भी रिएक्शन दिया था और गर्व जताया था. इसमें उन्होंने पक्षी गरुड़ की आवाज दी है.
