Headlines

रीवा में 20 करोड़ के प्लांट का 2 बार लोकार्पण, कांग्रेस-बीजेपी में छिड़ी जंग


मध्य प्रदेश में अमृत 2.0 योजना के 20 करोड़ के वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट पर कांग्रेस-भाजपा आमने-सामने आ गए हैं. डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला ने शायराना अंदाज में जवाब देते हुए कहा ‘तमाशा करने वालों को क्या पता, कितने तूफानों को पार करने के बाद हमने दिया जलाया’. शहर में विकास कार्यों का श्रेय लेने की राजनीतिक होड़ एक बार फिर खुलकर सामने आ गई.

इस बार मामला किसी सड़क, भवन या अन्य निर्माण कार्य का नहीं, बल्कि शहर की पेयजल व्यवस्था से जुड़े करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से तैयार वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट के लोकार्पण का है. अमृत 2.0 जलप्रदाय योजना के तहत निर्मित 37 एमएलडी क्षमता वाले इस प्लांट का लोकार्पण एक ही दिन में दो बार हुआ. पहले कांग्रेस के महापौर अजय मिश्रा ने दोपहर में फीता काटकर इसका उद्घाटन कर दिया, जबकि शाम को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला भी पहुंचे और उन्होंने विधिवत लोकार्पण किया.इस घटनाक्रम ने शहर की राजनीति में नई गर्माहट पैदा कर दी और कांग्रेस तथा भाजपा के बीच विकास कार्यों के श्रेय को लेकर चल रही खींचतान सार्वजनिक मंच पर आ गई.

यह भी पढ़ें: CM मोहन यादव ने ‘मां नर्मदा सेवा परिक्रमा’ का किया शुभारंभ, पूजा-आरती की

क्या है पूरा मामला ?

दरअसल, वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट का लोकार्पण उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला द्वारा शाम के समय किया जाना प्रस्तावित था. इसके लिए कार्यक्रम की तैयारियां भी की गई थीं लेकिन निर्धारित कार्यक्रम से पहले ही नगर निगम के महापौर अजय मिश्रा ने एमआईसी सदस्यों और कांग्रेस पार्षदों की मौजूदगी में दोपहर के समय प्लांट पहुंचकर फीता काट दिया. महापौर के इस कदम को राजनीतिक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. एक तरफ भाजपा इस परियोजना के लोकार्पण के लिए उपमुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तैयारी में थी, तो दूसरी तरफ महापौर ने पहले ही उद्घाटन कर राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की. इसके बाद पूरे मामले ने राजनीतिक टकराव का रूप ले लिया.

महापौर ने राजेन्द्र शुक्ला पर साधा निशाना 

लोकार्पण के बाद महापौर अजय मिश्रा ने भाजपा और उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि शहर में एक ही विकास कार्य का कई बार लोकार्पण कर राजनीतिक लोकप्रियता हासिल करने की कोशिश की जाती है. महापौर का कहना था कि जब यह कार्य नगर निगम से जुड़ा है और इसकी जिम्मेदारी नगर निगम की है, तो इसके लोकार्पण को लेकर दूसरे जनप्रतिनिधियों द्वारा कार्यक्रम आयोजित करने का औचित्य क्या है?

महापौर ने उपमुख्यमंत्री के विभागीय दायित्वों पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री को नगर निगम के कार्यों में रुचि लेने के बजाय अपने स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं पर ध्यान देना चाहिए. उनके मुताबिक, स्वास्थ्य विभाग की स्थिति पर गंभीरता से काम करने की जरूरत है, लेकिन इसके बजाय नगर निगम के कार्यों के लोकार्पण में अधिक दिलचस्पी दिखाई जा रही है. महापौर ने इस आयोजन को सस्ती लोकप्रियता हासिल करने का प्रयास बताते हुए भाजपा पर विकास कार्यों का राजनीतिक श्रेय लेने का आरोप लगाया.

दो बार लोकार्पण बना चर्चा का विषय 

दोपहर में महापौर द्वारा लोकार्पण किए जाने के बावजूद उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला का निर्धारित कार्यक्रम निरस्त नहीं हुआ. शाम को वे वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट पहुंचे और उन्होंने भी विधिवत फीता काटकर उसका लोकार्पण किया. इस तरह एक ही दिन में एक ही प्लांट के दो अलग-अलग लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित हो गए. हालांकि, दोनों कार्यक्रमों के पीछे राजनीतिक संदेश और श्रेय लेने की कोशिश को लेकर शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म रहा.

उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने इस पूरे घटनाक्रम के बीच अपने चिरपरिचित शायराना अंदाज में विरोधियों पर कटाक्ष किया. उन्होंने कहा, “तमाशा करने वालों को क्या पता, कितने तूफानों को पार करने के बाद हमने दिया जलाया है.” उनके इस बयान को महापौर द्वारा पहले ही लोकार्पण किए जाने और कांग्रेस की ओर से लगाए गए आरोपों के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है. डिप्टी सीएम के इस अंदाज ने कार्यक्रम को विकास कार्य के उद्घाटन से आगे बढ़ाकर राजनीतिक बयानबाजी का विषय बना दिया.

20 करोड़ की लागत से तैयार हुई योजना

राजनीतिक विवाद के बीच इस परियोजना का वास्तविक महत्व भी कम नहीं है. अमृत 2.0 योजना के तहत करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 37 एमएलडी क्षमता वाला वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट रीवा शहर की पेयजल व्यवस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा है. इसकी क्षमता के अनुरूप संचालन और जल वितरण व्यवस्था बेहतर होने पर शहर की पेयजल आपूर्ति को मजबूती मिलने की उम्मीद है. ऐसे में शहरवासियों की दिलचस्पी इस बात में होनी चाहिए कि प्लांट कब पूरी क्षमता से संचालित होगा, कितने क्षेत्रों को इसका लाभ मिलेगा और लोगों को नियमित तथा स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था कितनी प्रभावी होगी.

लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण पहलू यह रहा कि जिस परियोजना को शहर की पेयजल व्यवस्था में सुधार के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, उसका लोकार्पण राजनीतिक प्रतिस्पर्धा का विषय बन गया. कांग्रेस और भाजपा के बीच यह सवाल प्रमुख हो गया कि उद्घाटन का श्रेय किसे मिलेगा, जबकि आम जनता के लिए परियोजना का वास्तविक लाभ सबसे महत्वपूर्ण है.

यह भी पढ़े: आउटसोर्स कर्मचारी नहीं होंगे बाहर, वर्तमान व्यवस्था रहेगी जारी- CM मोहन यादव



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *