Headlines

लखनऊ: एसए अपार्टमेंट सील, PWD और सेतु निगम को मिला रेट्रोफिटिंग का जिम्मा


लखनऊ के वजीरगंज इलाके में मंगलवार को एसए अपार्टमेंट का एक पिलर अचानक क्षतिग्रस्त होने से हड़कंप मच गया. पिलर के डैमेज होने के बाद अपार्टमेंट की दीवारों में दरारें दिखाई देने लगीं, जिसके बाद यहां रह रहे करीब 25 परिवारों को सुरक्षा के लिहाज से बाहर निकाल लिया गया. सूचना मिलते ही पुलिस के साथ SDRF और NDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं. 

वहीं एसए अपार्टमेंट को सील कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है. भवन को सुरक्षित बनाने के लिए रेट्रोफिटिंग का जिम्मा PWD और सेतु निगम को सौंपा गया है. संबंधित टीमें भवन की संरचनात्मक स्थिति का आकलन करेंगी और इसके बाद जरूरी मरम्मत एवं मजबूतीकरण की कार्रवाई की जाएगी.

प्रशासन ने पूरे अपार्टमेंट को खाली कराकर आसपास के रास्तों पर बैरिकेडिंग कर आवाजाही रोक दी. घटना की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी विशाख जी और LDA के अपर सचिव भी मौके पर पहुंचे. प्रशासन अब अपार्टमेंट की संरचनात्मक स्थिति की लगातार निगरानी कर रहा है.

एहतियात के तौर पर पूरे भवन को कराया खाली

जिलाधिकारी विशाख जी ने बताया कि अपार्टमेंट के एक पिलर के बैठने की सूचना मिली थी. इसके बाद एहतियात के तौर पर पूरे भवन को खाली कराया गया. उन्होंने कहा कि अपार्टमेंट में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है और जरूरत पड़ने पर उनके लिए रैन बसेरे में रहने की व्यवस्था की जाएगी.

इस घटना के बाद लखनऊ यातायात पुलिस ने एसए अपार्टमेंट के आसपास के मार्गों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है. लोगों से अपील की गई है कि वे इस क्षेत्र से होकर आवागमन न करें और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें. प्रशासन ने लोगों से मौके पर अनावश्यक भीड़ नहीं लगाने और पुलिस तथा संबंधित विभागों के निर्देशों का पालन करने को कहा है.

आसपास के लोगों में भी दहशत का माहौल

पिलर क्षतिग्रस्त होने की घटना के बाद लखनऊ विकास प्राधिकरण भी सक्रिय हो गया है. अब वजीरगंज क्षेत्र में मौजूद अन्य अपार्टमेंट की भी जांच कराई जाएगी. रियाज मंजिल, अवध अपार्टमेंट, अंबिका अपार्टमेंट और हलीफ मेनोर को भी जांच के दायरे में रखा गया है. फिलहाल प्रशासन की निगरानी में अपार्टमेंट को खाली रखा गया है. इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन पिलर टूटने और दीवारों में दरार आने के बाद आसपास के लोगों में भी दहशत का माहौल है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *