राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जा रही अलायंस एयर की एक फ्लाइट का टायर बिलासपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान फट गया. फ्लाइट में 37 पैसेंजरों के साथ 4 क्रू सदस्य यानी कुल 41 लोग सवार थे. विमान के लैंडिंग के बाद सभी को सुरक्षित रूप से रनवे पर उतार लिया गया और बाद में टर्मिनल बिल्डिंग में लेकर जाया गया.
न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया कि 41 लोगों के साथ बिलासपुर पहुंचे इस विमान फ्लाइट 9I613 के साथ यह घटना शुक्रवार (28 अगस्त, 2026) को सुबह करीब 11 बजे घटी. उन्होंने कहा कि जब विमान बिलासपुर एयरपोर्ट के रनवे पर लैंडिंग कर रहा था, इसी दौरान उसके बाईं तरफ का टायर पंचर हो गया और फट गया.
उन्होंने कहा कि हालांकि, इस घटना के दौरान किसी भी यात्री और क्रू सदस्यों को किसी तरह की चोट नहीं आई है. सभी को सुरक्षित रूप से विमान से बाहर निकाल लिया गया और उन्हें टर्मिनल बिल्डिंग में ले जाया गया है.
Chhattisgarh | A Delhi-Bilaspur Alliance Air flight suffered a tyre burst during landing at Bilaspur airport. There were 37 passengers and 4 crew members onboar; all of them were safely brought out onto the runway and later taken to terminal building.
(Pics: Airport Authority,… pic.twitter.com/I28RygImgA
— ANI (@ANI) August 28, 2026
एयरलाइंस ने आगे की फ्लाइट की कैंसिल
घटना के सामने आने के बाद विमान फिलहाल बिलासपुर एयरपोर्ट पर ही रखा गया है. हालांकि, अधिकारियों ने यह भी जानकारी दी है कि अलायंस एयर एयरलाइंस ने बाद में छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से आगे जाने वाली फ्लाइट को भी कैंसल कर दिया है.
वहीं, इस घटना के पीछे के मुख्य कारण का अभी तक कोई खुलासा नहीं किया गया है. एयरलाइंस और एयरपोर्ट अधिकारियों की तरफ से इस घटना के बारे में और ज्यादा जानकारियों का फिलहाल इंतजार है. यह घटना ऐसे समय पर सामने आई है, जब देश में हाल के दिनों में एविएशन सेक्टर से जुड़ी कई घटनाओं को लेकर पहले से ही चिंताएं जारी हैं. अधिकारियों की तरफ से से विमान की जांच और आकलन किए जाने की उम्मीद है और जांच रिपोर्ट के सामने आने के बाद ही इस विमान को आगे उड़ान के लिए मंजूरी मिल पाएगी.
यह भी पढ़ेंः वाल्मिकी घोटालाः बी. नागेंद्र का कर्नाटक कैबिनेट से इस्तीफा, रोते हुए की घोषणा
