Headlines

वनडे क्रिकेट को 40 ओवर का बनाने पर शुभमन गिल ने दे दिया बड़ा बयान, कहा- ‘इससे तो अच्छा है कि…’


भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने एकदिवसीय क्रिकेट को 40 ओवर का बनाने के प्रस्ताव का विरोध करते हुए सोमवार को कहा कि इस प्रारूप को अधिक आकर्षक बनाने के लिए द्विपक्षीय श्रृंखलाओं की बजाय त्रिकोणीय और चतुष्कोणीय टूर्नामेंट आयोजित किए जाने चाहिए.

टी20 क्रिकेट और फ्रेंचाइजी लीगों के बढ़ते प्रभाव के बीच वनडे क्रिकेट के भविष्य पर लगातार बहस चल रही है. हाल ही में एडिनबर्ग में आईसीसी की वार्षिक बैठक के दौरान भी वनडे को 50 ओवर से घटाकर 40 ओवर करने की संभावना पर चर्चा हुई थी.

इंग्लैंड के खिलाफ मंगलवार से शुरू होने वाली तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला से पहले गिल ने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि वनडे को 40 ओवर का बनाया जाना चाहिए.’’

गिल ने कहा, ‘‘पहले हम काफी त्रिकोणीय श्रृंखलाएं खेलते थे और उन्हें देखना बेहद मजेदार होता था. ऑस्ट्रेलिया में भारत, ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका जैसी टीमें खेलती थीं. आप केवल एक टीम के खिलाफ नहीं, बल्कि दो अलग-अलग टीमों के खिलाफ अलग-अलग मैदानों पर खेलते थे.’’

उन्होंने कहा, ‘‘अगर वनडे क्रिकेट को और रोचक बनाना है तो द्विपक्षीय श्रृंखलाओं के बजाय त्रिकोणीय या शायद चतुष्कोणीय श्रृंखलाएं आयोजित की जानी चाहिए. इससे खिलाड़ियों और दर्शकों, दोनों के लिए यह प्रारूप ज्यादा दिलचस्प बनेगा.’’

इस 26 साल के खिलाड़ी ने कहा कि उनके लिए 50 ओवर का विश्व कप अब भी क्रिकेट की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगिता है. उन्होंने कहा, ‘‘मैंने बचपन में सबसे ज्यादा 50 ओवर का क्रिकेट देखा है. जब भी विश्व कप का नाम आता है तो सबसे पहले 50 ओवर के विश्व कप की याद आती है. मुझे किसी एक विश्व कप को जीतना हो तो वह 50 ओवर का विश्व कप ही होगा.’’

यह भी पढ़ें:

वर्ल्ड चैंपियन ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी पर लगे चीटिंग के आरोप, साथी खिलाड़ी से अफेयर; क्रिकेट जगत में मची खलबली

गिल ने कहा कि इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा वनडे श्रृंखला 2027 में दक्षिण अफ्रीका में होने वाले विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है.

उन्होंने कहा, ‘‘विश्व कप की तैयारी हमारे लिए बहुत अहम है। दक्षिण अफ्रीका में जैसी परिस्थितियां मिलेंगी, वैसी ही परिस्थितियां यहां भी मिल सकती हैं। इसलिए हम यह परखना चाहते हैं कि कौन-सा टीम संयोजन हमारे लिए सबसे बेहतर रहेगा। इस लिहाज से यह श्रृंखला काफी महत्वपूर्ण है।’’

गिल ने कहा, ‘‘एक कप्तान के तौर पर अब से हर श्रृंखला मेरे लिए महत्वपूर्ण होगी। विश्व कप तक जो भी अनुभव और सीख मुझे मिलेगी, वह आगे बहुत काम आएगी।’’

गिल ने स्वीकार किया कि नीतिश कुमार रेड्डी और हर्षित राणा की चोटों के कारण टीम प्रबंधन को अंतिम एकादश में बदलाव करने पड़े. उन्होंने कहा, ‘‘हम थोड़े दुर्भाग्यशाली रहे. श्रृंखला से पहले रेड्डी चोटिल हो गए और राणा भी उपलब्ध नहीं हैं. हम चाहते थे कि ये खिलाड़ी विश्व कप से पहले ज्यादा से ज्यादा मैच खेलें ताकि उन्हें अनुभव मिले. इसी वजह से हमें अलग संयोजन के साथ उतरना पड़ा, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि हमारी टीम अस्थिर है.’’

यह भी पढ़ें: इंग्लैंड के खिलाफ ODI सीरीज में विराट कोहली के निशाने पर 7 बड़े रिकॉर्ड, ‘किंग’ नया इतिहास लिखने को तैयार



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *