Headlines

वेलिंगटन में तीसरे दिन लगी रिकॉर्ड्स की झड़ी, केएल राहुल ने अकेले बनाए 6 रिकॉर्ड


भारत और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन टेस्ट में तीसरे दिन रिकॉर्ड पे रिकॉर्ड टूटते चले गए. किसी ने महान बल्लेबाजों की लिस्ट में जगह बनाई, तो शुभमन गिल भारतीय कप्तानों की एक अनचाही लिस्ट में शामिल हो गए. तीसरे दिन स्टंप्स तक टीम इंडिया ने 4 विकेट के नुकसान पर 486 रन बना लिए हैं और उसकी कुल बढ़त 118 रन की हो गई है.

मैच में तीसरे दिन टीम इंडिया की ओर से केएल राहुल ने शतक लगाया. उन्होंने 136 रन की पारी खेली और एक्टिव टेस्ट क्रिकेटरों में राहुल अब सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. दूसरी ओर ऋषभ पंत (55 रन), शुभमन गिल (98 रन) और देवदत्त पडिक्कल (80 रन) ने भी अर्धशतक लगाया. यहां देख लीजिए सभी रिकॉर्ड्स की लिस्ट, जो वेलिंगटन टेस्ट में तीसरे दिन बने हैं.

तीसरे दिन लगी रिकॉर्ड्स की झड़ी

एक्टिव क्रिकेटरों में सबसे ज्यादा टेस्ट शतक – केएल राहुल ने अपने टेस्ट करियर का 13वां शतक लगाया. राहुल एक्टिव भारतीय क्रिकेटरों में सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं. 11 सेंचुरी के साथ शुभमन गिल दूसरे नंबर पर हैं.

नर्वस 90 का शिकार बनने वाले कप्तान – शुभमन गिल की पारी 98 रनों पर खत्म हुई. गिल ऐसे 11वें भारतीय कप्तान हैं, जो टेस्ट मैच की पारी में नर्वस 90 का शिकार बने हैं. एमएस धोनी के साथ सबसे ज्यादा 4 बार ऐसा हुआ था.

SENA देशों में शतक – केएल राहुल ने 136 रन की पारी खेली. राहुल टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में अकेले भारतीय ओपनर हैं, जिन्होंने सभी सेना देशों (साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया) में शतक लगाया है. राहुल इससे पहले इंग्लैंड में 4, साउथ अफ्रीका में 2, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया में एक-एक शतक लगा चुके हैं.

वेलिंगटन में सबसे बड़ा स्कोर – भारतीय टीम पहली पारी में 486 रन बाना चुकी है. यह वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व मैदान पर भारत का सबसे बड़ा स्कोर है. इस मैदान पर पहले टीम इंडिया का सबसे बड़ा टेस्ट स्कोर 438 रन था, जो उसने 2014 में न्यूजीलैंड के खिलाफ बनाया था.

बतौर ओपनर तीसरा सबसे बड़ा स्कोर – बतौर ओपनर केएल राहुल ने न्यूजीलैंड की धरती पर टेस्ट में भारत के लिए तीसरा सबसे बड़ा स्कोर बनाया है. पहले दोनों सबसे बड़े स्कोर गौतम गंभीर के नाम हैं. गंभीर ने साल 2009 में न्यूजीलैंड में 167 रन और 137 का स्कोर बनाया था.

डेब्यू टेस्ट में शतक (न्यूजीलैंड में) – न्यूजीलैंड में राहुल ने अपनी सबसे पहली टेस्ट पारी में शतक लगाया. उनसे पहले 1976 में केवल सुनील गावस्कर और सुरेंदर अमरनाथ ने न्यूजीलैंड में अपनी टेस्ट डेब्यू पारी में सेंचुरी लगाई थी. 

एक पारी में 2 शतकीय साझेदारी – न्यूजीलैंड में खेलते हुए केएल राहुल भारत के लिए एक ही टेस्ट पारी में 2 शतकीय साझेदारी करने वाले बल्लेबाजों में शुमार हुए. उनसे पहले सिर्फ राहुल द्रविड और गौतम गंभीर ऐसा कर पाए थे. राहुल ने जायसवाल के साथ 130 रन और फिर पडिक्कल के साथ 165 रन जोड़े.

2021 से लेकर अब तक सबसे ज्यादा शतक (ओपेनर) – साल 2021 से लेकर बतौर ओपनर केएल राहुल ने अब तक 7 टेस्ट सेंचुरी लगाई हैं. उनके अलावा टॉम लाथम, बेन डकेट, यशस्वी जायसवाल और दिमुथ करुणारत्ने भी इतने ही शतक लगा चुके हैं.

यह भी पढ़ें:

आखिरी 3 गेंद सर्वाइव नहीं कर पाए गिल, 98 पर हो गए बोल्ड; पढ़ें तीसरे दिन क्या-क्या हुआ



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *