स्टूडेंट ऑफ द ईयर के पहले और दूसरे पार्ट के बाद अब ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क’ नाम की वेब सीरीज आ रही है. जैसा कि वेब सीरीज के नाम से ही साफ हो रहा है इस बार सेंट टेरेसा में ग्लैमर और लव स्टोरी नहीं, बल्कि एक अलग ही दुनिया देखने को मिलेगी.
अब इस सीरीज की पहली झलक भी सामने आ गई है. सामने आया वीडियो भी इसी बात की गवाही दे रहा है कि इसमें थ्रिल, एचवेंचर और सस्पेंस देखने को मिलेगा. इस बार ये फ्रेंचाइज़ी फ़िल्म के बजाय एक नई वेब सीरीज़ के रूप में वापसी कर रही है.
इस वेब सीरीज के जरिए शनाया कपूर अपना ओटीटी डेब्यू कर रही हैं. कहानी की तरह शनाया भी कैंपस क्वीन की चमक-दमक से बिल्कुल अलग नज़र आएंगी. खून से सने चेहरे, आंखों में छिपे राज़ और सेंट टेरेसा के दरवाज़ों के पीछे पनपते तूफ़ान के साथ शनाया का यह अवतार दर्शकों को चौंकाने वाला है. यह एक धमाकेदार बदलाव होने वाला है.
फ्रेंचाइजी के बदलाव को लेकर बोले करण जौहर और डायरेक्टर
साल 2012 में आई ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ के बाद करण जौहर अब करीब 14 साल बाद वह इस फ्रेंचाइजी को बिल्कुल नए अंदाज में लेकर आ रहे हैं. इस वेब सीरीज का निर्देशन रीमा माया ने किया है.
करण जौहर ने इस बदलाव को लेकर कहा, ‘जब मैं इस नए चैप्टर को देखता हूं, तो मुझे राख से उठते फीनिक्स की याद आती है.’ उन्होंने बताया कि इस बार फ्रेंचाइजी के पुराने नियमों को तोड़कर कुछ नया पेश करने की कोशिश की गई है. उनके मुताबिक, शनाया अपने अभिनय से इस दुनिया को एक नई पहचान देने वाली हैं.
अपनी बेबाक कहानियों के लिए जानी जाने वाली इस सीरीज़ की डायरेक्टर रीमा माया ने कहा, ‘ये वैसी कहानी नहीं होगी, जैसी आप उम्मीद कर रहे हैं. यह ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ है, लेकिन इसकी बाहरी चमक-दमक हटाकर इसे एक रोमांचक और थ्रिलर वेब सीरीज़ के रूप में नए सिरे से गढ़ा गया है.’
शनाया के लिए चुनौतीपूर्ण रहा नया किरदार
शनाया कपूर ने इस वेब सीरीज में डबल रोल किया है. इस किरदार को निभाने पर उन्होंने कहा, ‘मेरे लिए ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क’ सिर्फ़ एक प्रोजेक्ट नहीं है और ये किरदार भी कई परतों वाला, खामियों से भरा और पूरी तरह रियल है. इसकी दुनिया में कदम रखना मेरे लिए अब तक के सबसे चुनौतीपूर्ण, लेकिन संतोषजनक अनुभवों में से एक रहा है.’
‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क’ में तेज रफ्तार ड्रामा, रहस्य और नए तरह की कहानी देखने को मिलेगी. यह वेब सीरीज 13 नवंबर से विशेष रूप से जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी.
