उत्तर प्रदेश के शामली जनपद से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक ने घर में घुसकर एक युवती की गला दबाकर हत्या कर दी. पुलिस की जांच में सामने आया है कि हत्याकांड का आरोपी कोई और नहीं, बल्कि मृतका का प्रेमी ही था, जिसे खुद युवती ने फोन करके अपने घर बुलाया था.
जानकारी के मुताबिक, मामला शामली जनपद के सोंटा रसूलपुर गांव का है. बताया गया कि गांव के ही एक युवक अली मोहम्मद का गांव की एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था. यह भी पता चला है कि वारदात वाले दिन युवती ने फोन करके अली मोहम्मद को अपने घर बुलाया था. युवती ने पकड़े जाने से पहले अपने परिवार के लोगों से युवक को घर बुलाने की बात बताई. हालांकि, मां की डांट पर युवती डर गई और अपनी बात से मुकर गई.
UP में बिजली कटौती पर योगी सरकार का बड़ा एक्शन, ये अधिकारी किए गए सस्पेंड
दुपट्टे से गला घोंटकर उतारा मौत के घाट
आरोप है कि इसी गुस्से में प्रेमी अली मोहम्मद ने युवती की चुन्नी से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी. मृतका के परिजनों ने पूरी घटना का एक वीडियो भी बनाया है जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है. पुलिस ने आरोपी युवक अली मोहम्मद को हिरासत में ले लिया है और उसे थाने ले आई है. पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि क्या यह हत्या आवेश में आकर की गई या इसके पीछे कोई और बड़ी साजिश थी.
घटना पर क्या बोले पुलिस अधिकारी
एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि डायर 112 पर कॉल आई थी, जिसमें एक महिला नाजमा ने बताया कि मेरे घर में गांव का ही अली मोहम्मद नाम का एक व्यक्ति आ गया है और मेरी बच्ची के साथ घर में कैद है. महिला ने बताया कि उसे आशंका है कि वह उसकी बच्ची की हत्या कर देगा, जिसके बाद तत्काल हमारे पीआरवी 112 मौके पर गई. पुलिस मौके पर पहुंची तो लड़की की मौत हो चुकी थी. परिजनों की तहरीर पर मामले में दो लोगों को नामजद किया गया है.
