दिल्ली विधानसभा चुनाव में ‘शीश महल’ का जिक्र अक्सर आपने सुना होगा. अब यह शीश महल आम जानता के लिए भी खोला गया है. दिल्ली सरकार के पीडब्ल्यूडी विभाग की तरफ से हर एक सामान की रेट लिस्ट लगाई गई है और बताया गया है कि हर सामान की कीमत क्या है. यह वो कीमत है जो विभाग को प्रोसेसिंग के बाद बिल में लिखी गई थी और ऑडिट के बाद ये रेट सामने आए हैं.
पीडब्ल्यूडी की मानें तो शीश महल को तैयार करने में 58,83,66,314 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं. एक-एक कमरे में विंडो और गेट पर लगे पर्दे की कीमत 12 लाख से ज्यादा है. एलईडी टीवी और टेबल की कीमतें भी लाखों में हैं. पीडब्ल्यूडी की तरफ से शीश महल में कितने फ्लोर हैं, यह कितने एरिया में बना है, सबकुछ डिस्प्ले किया गया है.
‘शीश महल’ टूरिज्म: 2 लाख का गेट, 11 लाख की झूमर 12 लाख के पर्दे… रेट लिस्ट देख उड़ जाएंगे होश
शीश महल के किचन में लिफ्ट, लाखों का क्रॉकरी सेट
एबीपी न्यूज़ की टीम जब शीश महल के अंदर पहुंची तो गेट पर एक स्टैच्यू रखा था. उसकी कीमत भी 7 लाख से ज्यादा की बताई जा रही है. उसके बाद कमरों की सजावट, बेडरूम, बाथरूम और डाइनिंग टेबल की कीमत देखकर तो लोगों के होश उड़ जाएंगे. एक कमरे को सजाने के लिए लाखों रुपये खर्च किए गए थे. सोफे की कीमत एक दो लाख नहीं बल्कि कई लाख में थी.
एबीपी न्यूज़ की टीम जब किचन में पहुंची तो सजावट और समानों की कीमत होश उड़ाने वाली थी. क्रॉकरी सेट तक लाखों के थे, चिमनी और अलमीरा अपनी कीमत खुद बयां कर रहे थे. किचन में ही लिफ्ट लगी हुई थी, जिससे खाना और बर्तन सीधे हर फ्लोर पर भेजा जाता था. यानी लग्जरी लाइफ जीने के लिए जिस सामान की आवश्यकता थी उससे ज्यादा कीमती सामान यहां नजर आ रहा था.
अरविंद केजरीवाल के लिए मसाज वाली रिक्लाइनर चेयर
एबीपी न्यूज़ से खास बातचीत के दौरान मंत्री कपिल मिश्रा ने अरविंद केजरीवाल को लेकर कई सवाल खड़े किए और कहा आम आदमी की बात करने वाला कैसे खास जिंदगी जी रहा था. इसके बाद एबीपी न्यूज़ की टीम फर्स्ट फ्लोर्स पर पहुंची, जहां सबसे पहले आपको लेफ्ट में एक संगमरमर का खूबसूरत मंदिर नज़र आएगा. इस मंदिर की कीमत भी लाखों रुपये में थी. उसके बाद सामने एक गोल टेबल और कुछ कुर्सिया रखी हुई नजर आईं जिसका दाम करीब 9 लाख से भी था. एल आकार का सोफा-मेज़ की कीमत लाखों में थी. वहीं, एक छोटी लाइब्रेरी थी. उसके बगल में मसाज और आराम के लिए चेयर रखी गई थी. बताया गया कि इसी चेयर पर बैठकर अरविंद केजरीवाल किताब पढ़ा करते थे.
CAG रिपोर्ट की बाद जारी की गई रेट लिस्ट
वहीं, पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने एबीपी न्यूज़ से खास बातचीत करते हुए हुए कमरों में लगे पर्दे, बेड, कुर्सी और मेज की चौकाने वाली कीमतें बताईं. उन्होंने कहा कि ये कीमत कैग की ऑडिट के बाद सामने आई है जिसे यहां लगाया गया है.
बेटे का रूम एक करोड़, बेटी का 70 लाख का
अरविंद केजरीवाल के बेटे और बेटी के रूम को दिखाते हुए प्रवेश वर्मा ने कीमतों पर खास बातचीत की. केजरीवाल के बेटे और बेटी के लिए जो रूम तैयार किया गया था वहां भी एबीपी न्यूज की टीम पहुंची. अरविंद केजरीवाल के बेटे के लिए एक करोड़ बारह लाख से ज्यादा का रूम तैयार किया गया था. वहीं, बेटी के लिए 70 लाख रुपये से ज्यादा की कीमत का रूम तैयार किया गया था. यहां एक बेड करीब चार लाख रुपये का था. पर्दे, बाथरूम में लाखों रुपये खर्च किए गए थे. टेबल और लैंप लाखों रुपये के थे.
लाइव वीडियो के लिए तैयार किया गया था साधारण रूम
एबीपी न्यूज़ की टीम उस रूम में भी गई जिसे साधारण सा तैयार किया गया था और इसी रूम से अरविंद केजरीवाल सोशल मीडिया पर लाइव जाया करते थे और जनता के सामने अपनी बात रखते थे. कुर्सी फटी हुई थी कमरा साधारण सा दिख रहा था लेकिन जैसे ही कमरे से बाहर आएंगे, आंखें खुली रह जाएंगी.
जिम, मसाज रूम, जकूज़ी और सॉना रूम भी
इसके बाद हमारी टीम दूसरे फ्लोर पर पहुंची जहां बैठने के लिए आलीशान सोफा और टेबल रखी हुई थी. एलईडी टीवी भी लगी हुई थी. जिम और मसाज रूम को दिखाते और मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि इसकी लागत भी लाखों की है. जिम में अत्याधुनिक सुविधाएं और मशीनें रखी थीं जहां केजरीवाल और उनका परिवार जिम करता था. जिम से ही लगा हुआ मसाज रूम था. मसाज बेड चार लाख से ज्यादा का था. जकूज़ी पांच लाख रुपये की औऱ बाल कटवाने केलिए जो टेबल और ग्लास था. इसके अलावा सॉना रूम में 8 लाख से ज़्यादा खर्च किया गया था.
