- शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार, सामाजिक तेलंगाना पर होगा ध्यान।
Telangana News: तेलंगाना में भारत राष्ट्र समिति (BRS) से अलग होने के बाद कल्वकुंतला कविता ने अपनी नई पार्टी तेलंगाना राष्ट्र सेना (TRS) का गठन किया है. वहीं, पार्टी के गठन के बाद पहली बार प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए TRS अध्यक्ष के. कविता ने सोमवार (27 अप्रैल, 2026) को तेलंगाना की राजनीति पर जोरदार हमला बोला और अपनी नई पार्टी की दिशा स्पष्ट की. उन्होंने कहा कि तेलंगाना के गठन के सालों बाद भी आम लोगों के सपने अधूरे हैं और अब बदलाव के लिए नई राजनीतिक शक्ति की जरूरत है.
के. कविता ने लोगों से किस बात के लिए मांगी माफी?
TRS अध्यक्ष के. कविता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए स्वीकार किया कि वह पहले सत्ता से जुड़े परिवार का हिस्सा रही हैं, लेकिन अब जनता के लिए नई शुरुआत करने का समय आ गया है. उन्होंने लोगों से माफी मांगते हुए कहा कि सिर्फ माफी से काम नहीं चलेगा, बल्कि सामाजिक तेलंगाना के सपने को पूरा करने के लिए दोबारा संघर्ष करना होगा.
कविता ने अपनी पार्टी के विजन को ‘अम्मा का शासन’ बताते हुए कहा कि उनकी राजनीति का केंद्र आम जनता होगी. उन्होंने कहा कि एक मां की तरह संवेदनशील शासन ही लोगों की समस्याओं को सही मायनों में समझ सकता है और उनका समाधान कर सकता है.
यह भी पढ़ेंः पश्चिम बंगाल में मिताली बाग पर हमले से सियासत गरम, TMC ने BJP पर लगाए गंभीर आरोप, जानें पूरा मामला
KCR, रेवंत रेड्डी और भाजपा पर के. कविता का निशाना
के. कविता ने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (KCR) पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि सत्ता ने उन्हें बदल दिया है. वहीं, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी पर हमला बोलते हुए उनकी नीतियों को जनविरोधी बताया. जबकि भाजपा पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी ने हमेशा तेलंगाना के हितों को नजरअंदाज किया है.
क्या हैं तेलंगाना राष्ट्र सेना की 5 प्रमुख प्राथमिकताएं?
इस दौरान टीआरएस अध्यक्ष के. कविता ने अपनी पार्टी की पांच प्रमुख प्राथमिकताओं- शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, रोजगार और सामाजिक तेलंगाना- को भी विस्तार से रखा. उन्होंने वादा किया कि गरीब और मध्यम वर्ग के लिए मुफ्त शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जाएंगी, किसानों को सशक्त बनाया जाएगा और युवाओं को रोजगार और व्यवसाय के लिए आर्थिक सहयोग दिया जाएगा.
TRS अध्यक्ष के संबोधन से तेलंगाना की राजनीति में हलचल
के. कविता की इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद तेलंगाना की राजनीति में नई हलचल तेज हो गई है. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कविता की यह पहल आने वाले समय में राज्य की सियासत को नया मोड़ दे सकती है. अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि जनता इस नई पार्टी को कितना समर्थन देती है.
यह भी पढ़ेंः तेलंगाना में भीषण गर्मी का अलर्ट, कई जिलों में लू की चेतावनी; बारिश को लेकर क्या है अपडेट
