राजस्थान की धरती पर जब प्रकृति और आधुनिक भारत की रफ्तार एक साथ दिखाई देती है, तो नजारा अपने आप खास बन जाता है. इन दिनों सोशल मीडिया पर ऐसा ही एक बेहद खूबसूरत वीडियो लोगों का ध्यान खींच रहा है. वीडियो में नारंगी रंग की वंदे भारत एक्सप्रेस सांभर लेक के बीच से गुजरती हुई नजर आ रही है. ऊपर से ड्रोन कैमरे से कैद किया गया यह दृश्य इतना शानदार है कि कुछ पल के लिए ऐसा लगता है जैसे किसी फिल्म का सीन सामने आ गया हो. एक तरफ दूर-दूर तक फैली सांभर की सफेद चमकती धरती और दूसरी तरफ उसी के बीच से तेजी से निकलती चमकीली नारंगी ट्रेन. ट्रेन जैसे ही झील के किनारे से होकर आगे बढ़ती है, पूरा दृश्य किसी पेंटिंग जैसा नजर आता है. सोशल मीडिया यूजर्स भी इस खूबसूरत नजारे को देखकर जमकर तारीफ कर रहे हैं और वीडियो को देखकर सैल्यूट तक कर रहे हैं.
झील के बीच से निकली रफ्तार, ड्रोन कैमरे ने दिखाया कमाल
वीडियो की सबसे खास बात इसका ड्रोन व्यू है. ऊपर से देखने पर नारंगी रंग की वंदे भारत ट्रेन सांभर लेक के विशाल सफेद मैदान के बीच एक लंबी लकीर की तरह दौड़ती दिखाई देती है. ट्रेन की रफ्तार और आसपास का शांत प्राकृतिक माहौल मिलकर इस दृश्य को और भी खूबसूरत बना देते हैं. कैमरा जैसे-जैसे ट्रेन के साथ आगे बढ़ता है, वैसे-वैसे पूरा नजारा और ज्यादा मनमोहक होता जाता है.
नारंगी ट्रेन ने बदल दिया पूरा नजारा
वंदे भारत का नारंगी रंग इस वीडियो की खूबसूरती को और बढ़ा रहा है. सफेद नमक वाली जमीन के बीच चमकती हुई नारंगी ट्रेन का कॉन्ट्रास्ट इतना जबरदस्त दिखाई देता है कि नजरें हटाना मुश्किल हो जाता है. आमतौर पर सांभर लेक को लोग नमक और पक्षियों के लिए जानते हैं, लेकिन इस वीडियो में यही जगह आधुनिक भारत की रफ्तार के साथ एक अलग ही रूप में नजर आ रही है. ट्रेन के गुजरने का यह दृश्य राजस्थान की खूबसूरती और देश की आधुनिक रेल यात्रा का शानदार मेल दिखा रहा है.
यह भी पढ़ें: गजब! मंत्री जी को माला पहनाते रहे नेता जी, गले से गायब हो गई सोने की चेन
सोशल मीडिया पर लोग बोले- ऐसा नजारा रोज नहीं मिलता
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स भी इसकी खूबसूरती पर फिदा नजर आ रहे हैं. कई लोग वीडियो को बार-बार देखने की बात कर रहे हैं, तो कुछ यूजर्स ने इसे राजस्थान की शान बताया. किसी ने लिखा कि यह दृश्य किसी फिल्म से कम नहीं है, वहीं कुछ लोगों ने वंदे भारत की रफ्तार और डिजाइन की जमकर तारीफ की. कई यूजर्स ने ड्रोन से शूट किए गए इस एंगल को देखकर कहा कि भारत की खूबसूरती को ऐसे ही कैमरे में कैद किया जाना चाहिए. वीडियो को sambharlake_tourism नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया गया है.
यह भी पढ़ें: हाईराइज बिल्डिंग की छत पर पहुंच गए डोगेश भाई, मुश्किल से हुआ रेस्क्यू
