भारत और न्यूजीलैंड के बीच काइस्टचर्च के हैगली ओवल में खेले गए दूसरे टी20 में रोमांच की सारी हदें पार हो गईं. टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के जबड़े से जीत छीन ली. मैच में दो बार भारत की जीत की उम्मीद सिर्फ चार प्रतिशत बची थी. यानी दो मौके ऐसे आए, जहां पर विन प्रिडिक्टर 96 प्रतिशत न्यूजीलैंड की जीत बता रहा था. हालांकि, तिलक वर्मा और नितीश कुमार रेड्डी ने अंतिम पांच ओवर में बाजी पलटी, और भारत को हारा हुआ मैच जिता दिया.
अंतिम पांच ओवरों की बात करने से पहले बता दें कि 181 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 11 ओवर के बाद भारत का स्कोर 5 विकेट पर सिर्फ 71 रन था. भारत के सभी अहम बल्लेबाज आउट हो चुके थे. सबको उम्मीद नमन धीर से थी. नमन को जीवनदान मिला तो उन्होंने पहले टी20 की तरह कीवी गेंदबाजों की धुनाई करना शुरू कर दी. नमन 17 गेंद में 31 रन बनाकर आउट हुए तो मैच फिर से न्यूजीलैंड की झोली में चला गया था. अब पढ़ें अंतिम पांच ओवर का रोमांच.
लास्ट 30 गेंद में भारत को बनाने थे 68 रन, स्कोर था 113-6
15 ओवर में भारत का स्कोर 6 विकेट पर 113 रन था. अब यहां से लास्ट 30 गेंद में 68 रनों की दरकार थी. कीवी गेंदबाज पूरी तरह हावी थे, लेकिन तिलक और नितीश के हौसले भी बुलंद थे. 16वें ओवर में चार डबल रन के साथ कुल 13 रन बने. अब टीम इंडिया का स्कोर 126 रन हो गया था.
17वें ओवर में बने 9 रन
17वां ओवर लॉकी फर्ग्यूसन ने किया. इस ओवर में कोई बाउंड्री नहीं आई. तीन डबल के साथ कुल 9 रन बने. अब भारत का स्कोर 135 रन हो गया था.
लास्ट 3 ओवर में बनाने थे 46 रन
भारत को लास्ट 18 गेंद में जीत के लिए 46 रन बनाने थे. यहां भी लक्ष्य काफी मुश्किल लग रहा था. जैकब डफी 18वां ओवर करने आए. इस ओवर में 17 रन बने. नितीश रेड्डी ने एक छक्का लगाया तो तिलक वर्मा ने दो चौके लगाए. अब 12 गेंद में 29 रन चाहिए थे.
19वें ओवर में पलट गई बाजी, टीम इंडिया के हाथ में आया मैच
नाथन स्मिथ ने 19वां ओवर किया. इस ओवर में 18 रन बने. तिलक वर्मा ने स्मिथ के ओवर में तीन चौके और एक छक्का लगाया. अब लास्ट ओवर में भारत को जीत के लिए सिर्फ 11 रन बनाने थे.
लास्ट ओवर में चाहिए थे 11, एक गेंद पहले जीता भारत
लास्ट ओवर में जीत के सिए 11 रन चाहिए थे. गेंद जैकब डफी के हाथों में थी. पहली गेंद पर सिंगल आया, लेकिन दूसरे गेंद पर तिलक वर्मा ने चौका लगा दिया. तीसरी गेंद पर डबल आया. चौथी गेंद पर फिर सिंगल आया. अब भारत को जीत के लिए दो गेंद में तीन रन बनाने थे. डफी ने बाउंसर मारी. नितीश बीट हुए. लगा कि मैच फिर पलट गया, लेकिन अंपायर ने इसे वाइड करार दिया, क्योंकि गेंद नितीश के सिर के ऊपर से गई थी. फिर नितीश ने डबल लेकर मैच जिता दिया.
नितीश रेड्डी 13 गेंद में 26 रनों पर नाबाद लौटे. वहीं तिलक वर्मा 26 गेंद में 51 रनों पर नाबाद रहे. हालांकि, एक समय तिलक 9 गेंद में सिर्फ 10 रन पर थे. तिलक को दमदार पारी के लिए प्लेयर ऑप द मैच का अवॉर्ड मिला.
यह भी पढ़ें-
‘हर खिलाड़ी में मैच जिताने का दम’, NZ के खिलाफ जीत के बाद श्रेयस अय्यर की दो टूक
