Headlines

सेवढ़ा सिविल कोर्ट में चोरों का धावा, कई कमरों के तोड़े ताले


दतिया जिले में स्थित सेवढ़ा के सिविल न्यायालय भवन में चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की है. इस चोरी को अंजाम 24 और 25 अगस्त की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने दिया. चोरों ने न्यायालय के मुख्य द्वार का ताला तोड़ने के साथ ही नजारत, प्रतिलिपि और मालखाना अनुभाग के कमरों के ताले भी तोड़ दिए.

इस घटना की जानकारी मंगलवार सुबह न्यायालय खुलने के समय सामने आई. मामले में सेवढ़ा थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि चोर न्यायालय से कितना और क्या सामान लेकर गए हैं.

सुबह सफाई कर्मचारी ने देखा टूटा ताला

जानकारी के मुताबिक, सफाई कर्मचारी विनोद सुबह करीब 6:30 बजे रात्रिकालीन चौकीदार सुरेंद्र यादव के घर से न्यायालय की चाबी लेकर परिसर पहुंचा था. इसी दौरान उसकी नजर मुख्य द्वार के टूटे हुए ताले पर पड़ी. विनोद ने इसकी जानकारी भृत्य मिंटे परिहार को दी. इसके बाद न्यायालय के अधिकारियों को घटना की सूचना दी गई.

न्यायिक अधिकारी पहुंचे तो कई कमरों के ताले टूटे मिले

मंगलवार सुबह करीब 7 बजे न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी शिवम सोनी ने न्यायालय भवन में चोरी की जानकारी प्रभारी अधिकारी एवं द्वितीय जिला न्यायाधीश पूरन सिंह को फोन पर दी. करीब आधे घंटे बाद अधिकारी न्यायालय पहुंचे. परिसर का निरीक्षण करने पर मुख्य द्वार के अलावा नजारत अनुभाग के अंदर स्थित कक्ष, प्रतिलिपि अनुभाग और मालखाना अनुभाग के तीन कमरों के ताले टूटे मिले.

मालखाने से क्या चोरी हुआ, अभी स्पष्ट नहीं

घटना के बाद पुलिस ने न्यायालय परिसर का निरीक्षण किया. शिकायत में बताया गया है कि मालखाने की जांच के बाद चोरी गए सामान की विस्तृत जानकारी अलग से उपलब्ध कराई जाएगी. अभी पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोर किन कमरों में दाखिल हुए और वहां से कोई सामान या दस्तावेज चोरी किए गए हैं या नहीं.

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने मामले में प्रथम दृष्टया BNS की धारा 305(ए), 331(4) और शासकीय संपत्ति हानि निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3 के तहत केस दर्ज किया है. जांच के दौरान पुलिस न्यायालय परिसर में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है. साथ ही घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.

फिंगरप्रिंट और डॉग स्क्वॉड ने जुटाए साक्ष्य

एएसपी मंजीत सिंह चावला ने बताया कि चोरी की सूचना के बाद फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड की टीम को मौके पर बुलाया गया था. टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं.

पुलिस के मुताबिक, चोरी गए सामान की पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है. मालखाने समेत अन्य कमरों की जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी. फिलहाल CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है.   

दिल्ली में बारिश से जगह-जगह भरा पानी, जानें आज कैसा रहेगा मौसम



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *