सामाजिक कार्यकर्ता और शिक्षाविद सोनम वांगचुक का अनशन खत्म करने के संकेत के बीच महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने सोनम वांगचुक से अपना अनशन खत्म करने का सुझाव दिया है. साथ ही ये भी कहा कि अनशन खत्म करके उन्हें राहुल गांधी जी की लड़ाई में शामिल हो जाना चाहिए.
अब संसद के अंदर भी छात्रों की गूंज सुनाई देगी- अलका लांबा
कांग्रेस नेता अलका लांबा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जी तो पहले दिन से (जिस दिन पेपर लीक हुआ ) ही इस मुद्दे को भ्रष्ट मोदी सरकार के सामने उठा ही रहे हैं और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफ़ा भी मांग रहे हैं, अब तक संसद के बाहर गूंज सुनी, अब संसद के अंदर भी छात्रों की गूंज सुनाई देगी.”
चलो संसद राहुल गांधी के संग- अलका लांबा
उन्होंने आगे कहा, ”मेरा सुझाव हैं कि सोनम वांगचुक को अपनी भूख हड़ताल खत्म कर बिना देरी राहुल गांधी जी की लड़ाई में शामिल हो जाना चाहिए. सड़क से संसद तक एक ही नारा, एक ही गूँज, एक ही ललकार- धर्मेंद्र प्रधान को हटाएं. चलो संसद राहुल गांधी के संग.”
सोनम वांगचुक 20 जुलाई को खत्म कर सकते हैं अनशन!
नीट पेपर लीक और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर अनशन कर रहे सोनम वांगचुक फिलहाल सफदरजंग अस्पताल में भर्ती हैं. इस बीच उनकी पत्नी गीतांजलि आंग्मो ने कहा है कि सोनम अपना अनशन खत्म कर सकते हैं. हालांकि इसके लिए उन्होंने शर्त रखी हैं. उन्होंने कहा कि अगर राजनीतिक दलों के नेता सोनम वांगचुक से मिलकर संसद के मानसून सत्र में शिक्षा में जवाबदेही का मसला उठाने का भरोसा देते हैं, तो वह कल अपना अनशन खत्म कर देंगे.
