Headlines

सोनिया गांधी की किताब पर सतीश पूनिया बोले, ‘उनकी निराशा साफ तौर पर झलक रही है’


सोनिया गांधी की किताब और जम्मू कश्मीर की सियासी उथल-पुथल पर बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री सतीश पूनिया ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने इस किताब में अपना फ्रस्ट्रेशन जाहिर किया है. उन्हें इस बात की खीझ है कि इतने सालों से नेहरू गांधी परिवार सत्ता से बाहर क्यों है और राष्ट्रवादी लोग सत्ता में कैसे आ गए हैं?

बीजेपी के पंजाब और जम्मू कश्मीर के प्रभारी सतीश पूनिया ने कहा, ”किताब के जरिए उनकी निराशा साफ तौर पर झलक रही है. सोनिया गांधी इस बात को मिल्कियत समझती थी कि देश में सिर्फ कांग्रेस पार्टी और उसमें से भी नेहरू गांधी परिवार ही राज कर सकता है. यह सोनिया गांधी की तकलीफ हो सकती है, लेकिन यह भारत का लोकतंत्र है कि सामान्य व्यक्ति भी पीएम और राष्ट्रपति बन सकता है.”

सोनिया गांधी ने कोई त्याग नहीं किया था- सतीश पूनिया

सतीश पूनिया के मुताबिक 2004 के चुनाव की घटना का जिक्र करते हुए सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री की कुर्सी का त्याग करने का संदेश देने की जो कोशिश की है, उस बारे में देश की जनता सब जानती है. उन्होंने कहा, ”सोनिया गांधी ने कोई त्याग नहीं किया था. उस समय के कांग्रेस पार्टी के हालात ऐसे थे कि वह प्रधानमंत्री नहीं बन सकी थी. देश की जनता भी सोनिया गांधी को प्रधानमंत्री के तौर पर नहीं देखना चाहती थी. उन्होंने त्याग की जो बात कही है, उसमें कोई भी सच्चाई नहीं है.” 

कांग्रेस हमेशा लोगों को लड़ाने का काम करती है- सतीश पूनिया

बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री सतीश पूनिया ने तंज कसते हुए कहा कि सोनिया गांधी ने बाबरी और बटला हाउस को लेकर आंसू गिरने की बात कही है
लेकिन सिख दंगों को लेकर उन्होंने कभी भी आंसू आने की बात नहीं कही. उन्होंने कहा, ”कांग्रेस तुष्टिकरण और वोट बैंक के लिए इस तरह की बात करती रहती है. उनकी आंखों के आंसू कितने जस्टिफाई थे. इस बारे में उन्हें बताना होगा. कांग्रेस हमेशा लोगों को लड़ाने का काम करती है लेकिन देश की जनता एक रहने में ही अपनी भलाई समझती है.”

जम्मू कश्मीर में NC विधायकों की नाराजगी पर क्या बोले पूनिया?

जम्मू कश्मीर में नेशनल कांफ्रेंस के विधायकों की नाराजगी पर भी सतीश पूनिया ने अपनी बात रखी. उन्होंने कहा, ”उमर अब्दुल्ला सरकार में भले ही उथल-पुथल मची हो लेकिन इसमें बीजेपी अपने लिए कोई संभावना नहीं देख रही है. हम उस समय का इंतजार कर रहे हैं, जब अगली बार के चुनाव में राज्य की जनता बीजेपी को बहुमत देगी और हम अपने दम पर सरकार बनाएंगे. हम कश्मीर में राजनीतिक रूप से अपनी ताकत बढ़ाने में लगे हुए हैं. अपने संगठन को और मजबूत कर रहे हैं.”

‘NC विधायकों की नाराजगी के लिए BJP जिम्मेदार नहीं’

उन्होंने ये भी कहा कि भविष्य में पीडीपी से फिर समझौता होगा या नहीं, इस बारे में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता है. नेशनल कांफ्रेंस के विधायकों में जो नाराजगी है, उसके लिए कतई बीजेपी जिम्मेदार नहीं है. इसके लिए बीजेपी पर आरोप लगाने वाले फारूक अब्दुल्ला और उमर अब्दुल्ला को सोचना चाहिए कि वह अपना घर नहीं बचा पा रहे हैं और इल्जाम बीजेपी पर लगा रहे हैं. मंत्रिमंडल विस्तार में कुछ काबिल लोगों को जगह दी जाती तो आज विधायकों में यह असंतोष नहीं होता.

जोधपुर: कांग्रेस नेता करण सिंह उचियारड़ा के घर लाखों की चोरी, गहने-नकदी गायब



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *