सोनू निगम एक पॉपुलर सिंगर हैं. उन्होंने बॉलीवुड में कई शानदार गाने गाए हैं और अपनी आवाज से दर्शकों के दिलों पर राज किया. हाल ही में सिंगर ने अपने करियर के उतार-चढ़ाव को याद करते हुए उस दौर का जिक्र किया, जब सिंगर्स के कॉपीराइट और रॉयल्टी राइट्स की आवाज उठाने के बाद बड़े म्यूजिक लेबल्स ने उनके साथ काम करना बंद कर दिया था.
टी-सीरीज और जी म्युजिक ने किया सोनू निगम को बैन
कोमल नाहटा के पॉडकास्ट ‘गेम चेंजर्स’ में बातचीत के दौरान सोनू निगम ने कहा, ‘मेरा समय आया, फिर चला गया और अब दोबारा लौट आया है. ये सब वक्त का खेल है. जब मैं अपने करियर के शिखर पर था, तब लोगों ने मुझे बहुत प्यार दिया. मेरे एल्बम रिलीज होते थे, लोग उनके दीवाने हो जाते थे और मेरे पोस्टर तक बिकते थे. फिर मैंने कॉपीराइट का मुद्दा उठाया. इसके बाद टी-सीरीज ने मुझे बैन कर दिया. जी म्यूजिक ने भी मेरे साथ काम करना बंद कर दिया. उनका कहना था कि ‘ये तो एक्टिविस्ट बन गया है.”
उन्होंने आगे कहा, ‘मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुझे बैन कर दिया जाएगा. मुझे लगा था कि आखिरकार हम इस मुद्दे का हल निकाल लेंगे, लेकिन हालात लगातार बिगड़ते गए. जब मैंने देखा कि मेरे लिए एक-एक कर रास्ते बंद हो रहे हैं, तब मुझे एहसास हुआ कि वे मुझे गाने देना बंद कर सकते हैं, लेकिन मुझे स्टेज पर परफॉर्म करने से नहीं रोक सकते.’
ये भी पढ़ेंः ‘रामायण’ में अरुण गोविल से पहले इस एक्टर ने दिया था दशरथ के रोल के लिए ऑडिशन, लेकिन मिला विश्वामित्र किरदार

‘आज वक्त बदल चुका है’
सिंगर ने कहा, ‘आज वक्त बदल चुका है. वही म्यूजिक कंपनियां अब सिंगर्स को रॉयल्टी दे रही हैं. आज हम प्यार से मिलते हैं, साथ बैठते हैं और खाना भी खाते हैं. किसी न किसी को तो इस मुद्दे पर पहल करनी ही थी.’
सोनू निगम ने कहा कि उन्हें हमेशा लगा कि कॉपीराइट और रॉयल्टी के लिए उनकी लड़ाई उनकी जिंदगी के एक बड़े मकसद का हिस्सा थी. उनका मानना था कि भगवान ने उन्हें वो जिम्मेदारी दी है, जिसे लता मंगेशकर ने शुरू तो किया था, लेकिन पूरा नहीं कर पाईं. सोनू ने बताया कि इस लड़ाई के लिए वो अपना करियर दांव पर लगाने को भी तैयार थे, क्योंकि उन्हें लगता था कि शायद कोई और ऐसा करने की हिम्मत नहीं जुटा पाता.
उन्होंने आगे कहा कि कानून बदलने के बाद म्यूजिक कंपनियों को भी एहसास हुआ कि उनकी मांगें कभी गलत नहीं थीं. समय के साथ इंडस्ट्री का नजरिया बदला और वही म्यूजिक कंपनियां दोबारा उनके साथ काम करने लगीं. अब उनके और म्यूजिक लेबल्स के बीच अच्छे रिश्ते हैं.
कॉन्सर्ट की तैयारी में जुटे सोनू निगम
वर्कफ्रंट की बात करें तो सोनू निगम इन दिनों अपने कॉन्सर्ट ‘रिवोल्यूशन’ की तैयारियों में जुटे हैं. वो 23 अगस्त 2026 को OVO एरीना, वेम्बली में परफॉर्म करेंगे. इसके बाद उनका ‘रिवोल्यूशन इंडिया टूर 2026’ अक्टूबर 2026 से शुरू होगा, जिसमें वो बेंगलुरु, पुणे, सूरत, इंदौर, भोपाल, नागपुर, लखनऊ, चंडीगढ़ और जोधपुर समेत कई शहरों में अपनी आवाज का जादू बिखरेते नजर आएंगे. ये टूर मार्च 2027 में खत्म होगा.
ये भी पढ़ेंः विजय वर्मा का कास्टिंग काउच पर खुलासा, बोले- वो मुझे गलत तरीके से छूने लगा था
