Headlines

सौरव गांगुली की निजी सचिव ने दर्ज कराई शिकायत, धमकी भरे पत्र भेजने का आरोप


पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान और बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली को कथित तौर पर धमकी भरे पत्र मिलने का मामला सामने आया है. इस मामले में उनकी निजी सचिव तानिया भट्टाचार्य ने ठाकुरपुकुर पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में सौरव गांगुली, उनकी पत्नी डोना गांगुली और उनके साथ काम करने वाले स्टाफ की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई गई है.

लिखित शिकायत में तानिया भट्टाचार्य ने कहा है कि वह सौरव गांगुली की ओर से पुलिस को यह पत्र लिख रही हैं और उनके साथ निजी सचिव के तौर पर काम करती हैं. शिकायत में उन्होंने पुलिस का ध्यान सौरव गांगुली और उनके परिवार को मिल रही कथित धमकी भरी चिट्ठियों की ओर दिलाया है. शिकायत के मुताबिक, पिछले कुछ महीनों से किसी अज्ञात व्यक्ति की ओर से सौरव गांगुली के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियों वाली चिट्ठियां मिल रही थीं.

सौरव गांगुली को धमकी भरा पत्र

शुरुआत में इन पत्रों को गंभीरता से नहीं लिया गया. माना गया कि संभवत: कोई ऐसा व्यक्ति है, जो सौरव गांगुली से नाराज है और अपनी नाराजगी जाहिर करने के लिए इस तरह के पत्र भेज रहा है. हालांकि, मामला उस समय गंभीर हो गया, जब हाल ही में सौरव गांगुली और डोना गांगुली के नाम से दो और चिट्ठियां मिलीं. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इन पत्रों में न केवल दोनों के खिलाफ कथित तौर पर नफरत और आपत्तिजनक बातें लिखी गई थीं, बल्कि सौरव गांगुली, डोना गांगुली और उनके साथ या उनके लिए काम करने वाले लोगों की जान और सुरक्षा को लेकर गंभीर धमकियां भी दी गई थीं.

शिकायत में कहा गया है कि इन धमकियों की गंभीरता ने परिवार और स्टाफ की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. तानिया भट्टाचार्य ने पुलिस से कहा है कि मामला अब केवल आपत्तिजनक या अपमानजनक पत्रों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसमें जान और निजी सुरक्षा को लेकर कथित तौर पर स्पष्ट धमकियां दी गई हैं. ऐसे में पुलिस का तत्काल हस्तक्षेप और मामले की विस्तृत जांच जरूरी है.

निजी सचिव की ओर से पुलिस से अनुरोध किया गया है कि शिकायत दर्ज कर मामले की जांच की जाए, धमकी भरी चिट्ठियां भेजने वाले व्यक्ति की पहचान की जाए और सौरव गांगुली, डोना गांगुली तथा उनके साथ काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये चिट्ठियां कूरियर के जरिए सौरव गांगुली के घर भेजी गई थीं.

पुलिस में दर्ज शिकायत

पैकेट पर भेजने वाले के तौर पर अरुण कुमार नाम का जिक्र किया गया था और उसका पता बेलघरिया का बताया गया है. हालांकि, पैकेट पर दर्ज नाम और पते की वास्तविकता क्या है और क्या वास्तव में उसी व्यक्ति ने ये पत्र भेजे हैं, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है. पुलिस की जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि धमकी भरे पत्र कहां से भेजे गए, इन्हें किसने तैयार किया और पैकेट पर दर्ज भेजने वाले की जानकारी सही है या नहीं. साथ ही, पुलिस पत्रों की सामग्री और कूरियर से जुड़े रिकॉर्ड के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है.

सौरव गांगुली भारतीय क्रिकेट के बड़े नामों में शामिल हैं और लंबे समय तक भारतीय क्रिकेट टीम की कप्तानी भी कर चुके हैं. ऐसे में उनके और उनके परिवार को कथित तौर पर धमकी भरे पत्र मिलने के मामले ने सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब पुलिस की जांच से यह साफ होगा कि इन धमकियों के पीछे कौन है और इसके पीछे वास्तविक वजह क्या है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *