- अधिकतर वीरता पदक उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों के कर्मियों को मिले।
भारत में इस साल शनिवार (15 अगस्त, 2026) को देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया जाने वाला है. इससे एक दिन पहले शुक्रवार (14 अगस्त, 2026) को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पुलिस, फायर, होम गार्ड, सिविल डिफेंस और करेक्शन सर्विसेज के कुल 1,057 कर्मियों को वीरता और सेवा पदकों से सम्मानित करने की घोषणा की है. इस संबंध में केंद्रीय गृह मंत्रालय ने औपचारिक अधिसूचना भी जारी कर दी है.
छत्तीसगढ़ और यूपी के तीन पुलिसकर्मी मरणोपरांत हुए सम्मानित
केंद्रीय गृह मंत्रालय की अधिसूचना के मुताबिक, इस लिस्ट में छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश पुलिस के उन तीन पुलिसकर्मियों का नाम की भी घोषणा की गई है, जिन्हें मरणोपरांत वीरता पदक से सम्मानित किया गया है. इसमें छत्तीसगढ़ पुलिस के दिवंगत कांस्टेबल नितेश एक्का और रमेश कोरेटी के साथ उत्तर प्रदेश पुलिस के दिवंगत इंस्पेक्टर सुनील कुमार का नाम शामिल है.
किन-किन क्षेत्रों के कर्मियों को दिया गया वीरता पदक सम्मान
अधिसूचना के मुताबिक, कुल 1,057 पुरस्कारों में से 301 वीरता पदक, विशिष्ट सेवा के लिए 92 राष्ट्रपति पदक और सराहनीय सेवा के लिए कुल 664 पदक प्रदान किए गए हैं. इन 301 वीरता पदकों में से ज्यादातर पुरस्कार वामपंथी उग्रवाद प्रभावित इलाकों में तैनात 197 कर्मियों को दिए गए हैं. इसके साथ ही, जम्मू कश्मीर क्षेत्र के 51, उत्तर-पूर्वी क्षेत्र के 12 और अन्य क्षेत्रों के कुल 41 कर्मियों को उनके साहस से भरे कार्यों के लिए उन्हें सम्मानित किया गया है.
क्यों दिया जाता है वीरता पदक?
वहीं, वीरता पदक प्राप्त करने वाले कुल 301 कर्मियों में 272 पुलिसकर्मी और 29 फायर सर्विस के कर्मियों को पुरस्कार दिया गया है. दरअसल, वीरता पदक जिंदगी और संपत्ति की रक्षा करने, अपराध को रोकने या अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए किए गए उत्कृष्ट साहसिक कार्यों के लिए दिया जाता है. इसके साथ ही, इसमें संबंधित अधिकारी के दायित्वों और कर्तव्यों को ध्यान में रखते हुए उठाए गए जोखिमों का भी ध्यान रखा जाता है.
राष्ट्रपति और सराहनीय पदक से किन सेवाओं के कर्मी सम्मानित?
गृह मंत्रालय की अधिसूचना के मुताबिक, कुल 92 लोगों को राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया गया है, जिसमें से 83 पुलिस सेवा, 4 फायर सेवा, 3 सिविल डिफेंस और होम गार्ड और दो करेक्शन सेवा के कर्मी शामिल हैं. इन सभी कर्मियों को सेवा में विशेष और उत्कृष्ट रिकॉर्ड के आधार पर राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया गया है.
वहीं, 664 सराहनीय सेवा पदकों में 606 पुलिस सेवा, 28 फायर सेवा, 18 सिविल डिफेंस और होम गार्ड सेवा और 12 करेक्शन सर्विस के कर्मी शामिल हैं, जिन्हें ऐसे बेहतरीन कामों के लिए सराहनीय सेवा पदक दिया गया है, जिसमें कर्मियों की जिम्मेदारी और काम के प्रति कुशलता और समर्पण दिखाई देती है.
यह भी पढ़ेंः वीरता-सेवा पदक का ऐलान, पैरामिलिट्री फोर्स में सबसे ज्यादा CRPF को मिले
