Headlines

‘हर संकट से निकलने को तैयार’, US प्रतिबंधों के सामने नहीं झुकेगा ईरान


अमेरिका की ओर से ईरान पर नए आर्थिक प्रतिबंध लगाए जाने के बाद तेहरान ने कहा है कि वह इन हालात का सामना करने के लिए तैयार है. ईरान की सरकार ने आर्थिक मुश्किलों को स्वीकार करते हुए कहा कि देश एकजुट रहकर इस संकट से बाहर निकलने की कोशिश करेगा. अमेरिका ने हाल ही में ईरान पर आर्थिक दबाव बढ़ाते हुए करीब 60 लोगों, संस्थाओं और जहाजों पर नए प्रतिबंध लगाए हैं.

ईरानी सरकार की प्रवक्ता फातेमेह मोहाजेरानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि सरकार और राष्ट्रपति समझदारी और मजबूत इरादे के साथ देश को इस मुश्किल समय से बाहर निकालेंगे. उन्होंने माना कि ईरान के सामने आर्थिक चुनौतियां हैं, लेकिन सरकार का कहना है कि सही फैसलों के जरिए इन मुश्किलों का सामना किया जा सकता है. मोहाजेरानी का यह बयान अमेरिका की ओर से नए आर्थिक दबाव की घोषणा के बाद आया है. वॉशिंगटन का लक्ष्य ईरान की कमाई और इंटरनेशनल फाइनेंशियल नेटवर्क तक उसकी पहुंच को और सीमित करना है.

ईरान के अर्थव्यवस्था मंत्री ने भी दी प्रतिक्रिया

ईरान के अर्थव्यवस्था मंत्री अली मदनीजादेह ने कहा कि उनका देश अमेरिका के नए प्रतिबंधों का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है. उन्होंने दावा किया कि अमेरिका ईरान की आर्थिक गतिविधियों को पूरी तरह रोक नहीं सकता. मदनीजादेह के मुताबिक, राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन की सरकार काफी समय से नए प्रतिबंधों से निपटने की तैयारी कर रही थी. उन्होंने यह भी कहा कि ईरान के पास अमेरिकी दबाव का जवाब देने के अपने तरीके हैं.

अमेरिका ने क्यों बढ़ाया आर्थिक दबाव?

अमेरिकी ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट ने 24 अगस्त को ईरान के खिलाफ नया आर्थिक अभियान शुरू करने का ऐलान किया है. अमेरिका ने कहा है कि वह ईरान की तेल कमाई, वित्तीय नेटवर्क और दूसरे आर्थिक रास्तों पर दबाव बढ़ाना चाहता है. नए कदमों के तहत करीब 60 लोगों, संस्थाओं और जहाजों को निशाना बनाया गया है. अमेरिका ने दूसरे देशों और कंपनियों को भी चेतावनी दी है कि ईरान के साथ कारोबार जारी रखने पर उन्हें अमेरिकी वित्तीय व्यवस्था से बाहर किए जाने का जोखिम हो सकता है.

ईरान पर बढ़ रहा आर्थिक दबाव

ईरान पहले से ही लंबे समय से अमेरिकी प्रतिबंधों का सामना कर रहा है. नए प्रतिबंध ऐसे समय में आए हैं, जब देश की अर्थव्यवस्था पर महंगाई और मुद्रा की कमजोरी का दबाव बना हुआ है. अमेरिका का नया अभियान ईरान को अंतरराष्ट्रीय वित्तीय व्यवस्था से और अलग करने की है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *