Headlines

हिमाचल में आज चुनावी महासंग्राम का फैसला, नगर निगम से जिला परिषद तक किसके सिर सजेगा जीत का ताज?


हिमाचल प्रदेश में स्थानीय निकाय चुनावों के नतीजों का इंतजार आज खत्म होने जा रहा है. रविवार (31 मई) सुबह 9 बजे से 4 नगर निगमों, 251 जिला परिषद (जिप) वार्डों और 1684 पंचायत समिति (बीडीसी) सीटों के लिए मतगणना शुरू होगी. प्रशासन ने मतगणना की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं और सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं.

इस बार सबसे ज्यादा चर्चा सोलन, मंडी, पालमपुर और धर्मशाला नगर निगम चुनावों को लेकर है. इन चुनावों को राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है. क्योंकि नगर निगम चुनाव पार्टी चिन्ह पर लड़े जाते हैं, इसलिए इन्हें वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले का सेमीफाइनल भी माना जा रहा है. राजनीतिक दलों के साथ-साथ आम जनता की नजर भी इन नतीजों पर टिकी हुई है.

हिमाचल के चंबा में दर्दनाक हादसा, 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, 8 लोगों की मौत

91 विकास खंडों में होगी वोटों की गिनती

राज्य के 91 विकास खंडों में मतगणना केंद्र बनाए गए हैं. जिला परिषद और बीडीसी सदस्यों के वोटों की गिनती संबंधित बीडीओ कार्यालयों में की जाएगी. जिला परिषद चुनाव के परिणामों की आधिकारिक घोषणा उपायुक्त (डीसी) करेंगे, जबकि बीडीसी सीटों के विजेताओं की घोषणा संबंधित एसडीएम द्वारा की जाएगी.

जिला परिषद वार्डों की मतगणना के लिए प्रत्येक वार्ड में 15 से 20 टेबलें लगाई जाएंगी. एक वार्ड की गिनती में करीब 35 अधिकारी और कर्मचारी लगाए गए हैं. यदि किसी वार्ड में मतों की संख्या ज्यादा हुई तो टेबलों और कर्मचारियों की संख्या भी बढ़ाई जा सकती है. वहीं बीडीसी सीटों की मतगणना सामान्य रूप से 3 चरणों में पूरी की जाएगी, हालांकि जरूरत पड़ने पर राउंड की संख्या बढ़ाई जा सकती है.

मतगणना केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है. केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में आम लोगों की आवाजाही पर रोक रहेगी. सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में मतगणना होगी और इसकी रिकॉर्डिंग तीन महीने तक सुरक्षित रखी जाएगी. इसके अलावा मतपत्रों को भी 90 दिनों तक सीलबंद रखकर संरक्षित किया जाएगा ताकि किसी विवाद या अपील की स्थिति में उनका इस्तेमाल किया जा सके.

Himachal News: HRTC कर्मियों की सरकार को चेतावनी, वेतन नहीं मिला तो 2 जून से बसों का चक्का जाम

शाम तक आएंगे ज्यादातर नतीजे

नगर निगम चुनावों के परिणाम दोपहर तक आने की संभावना है, जबकि जिला परिषद और बीडीसी सीटों के नतीजे देर शाम तक घोषित किए जा सकते हैं. प्रशासन ने निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी मतगणना सुनिश्चित करने के लिए शराब के ठेके बंद रखने सहित सभी जरूरी निर्देश जारी किए हैं. अब पूरे प्रदेश की नजर आज आने वाले इन चुनावी नतीजों पर टिकी हुई है.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *