अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध की वजह से पूरे मिडिल ईस्ट में तनाव की स्थिति है. अमेरिका अब तक तेहरान के कई ठिकानों पर हमला कर चुका है. ईरान ने भी उसे करारा जवाब देते हुए कई जगहों पर हमला किया. इस बीच संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने दावा किया है कि स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज में उसके दो ऑयल टैंकरों को निशाना बनाया गया है. इस मिसाइल अटैक में एक भारतीय शख्स की मौत हो गई है.
‘अल जजीरा’ की रिपोर्ट के मुताबिक यूएई के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि ओमान की खाड़ी में स्थित हॉर्मुज के पास उसके दो तेल टैंकरों पर क्रूज मिसाइल से हमला हुआ है. इस हमले में ‘मोम्बासा’ नाम के टैंकर पर तैनात एक भारतीय क्रू मेंबर की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हुए हैं. हालांकि, ईरान की ओर से इस दावे पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
इसी बीच, यमन से सऊदी अरब के आभा एयरपोर्ट की ओर कम से कम छह मिसाइलें दागे जाने की खबरें भी सामने आई हैं. सऊदी अरब के असीर क्षेत्र में कई धमाकों की आवाजें सुनी गईं. युद्ध की वजह से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ा दी गई है.
यमन ने जारी की चेतावनी
यमन की सेना (हूती) ने सभी अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस को सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र से उड़ान नहीं भरने की चेतावनी दी है. हूती समूह का कहना है कि वह सऊदी अरब की ओर से जारी सैन्य कार्रवाई और नाकेबंदी को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगा तथा उसका जवाब देता रहेगा.
वहीं, ईरानी मीडिया ने दावा किया है कि हुदैदाह एयरपोर्ट पर बमबारी के बीच यमन पहुंचा एक ईरानी विमान सुरक्षित तेहरान के इमाम खुमैनी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लौट आया. विमान के सुरक्षित लौटने के बाद पायलट और क्रू का एयरपोर्ट पर स्वागत किया गया.
यह भी पढ़ें : अमेरिका ने तीसरे दिन भी बरपाया कहर, ईरान के ड्रोन-मिसाइल ठिकाने तबाह, ट्रंप बोले- ‘न्यूक्लियर साइट उड़ा देंगे’
