Headlines

होल-इन-वन सहित 62 के स्कोर के साथ ओम प्रकाश चौहान कोल इंडिया ओपन में शीर्ष पर


कोलकाता, 11 अगस्त, 2026: ओम प्रकाश चौहान ने आठ-अंडर 62 का शानदार स्कोर बनाकर कोलकाता के टॉलीगंज क्लब में खेले जा रहे एक करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि वाले दूसरे कोल इंडिया ओपन के पहले दौर में बढ़त हासिल की. मध्य प्रदेश के महू निवासी 40 वर्षीय चौहान के रोमांचक दौर में पार-3 आठवें होल पर होल-इन-वन और पार-5 13वें होल पर ईगल शामिल रहा. उन्होंने छह बर्डी और दो बोगी भी बनाईं तथा एक शॉट की बढ़त के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया.

चंडीगढ़ के पूर्व एशियन टूर विजेता अजीतेश संधू सात-अंडर 63 के स्कोर के साथ दूसरे स्थान पर रहे. 10वें टी से शुरुआत करने वाले संधू ने आठ बर्डी लगाईं और सिर्फ एक बोगी की. उनकी एकमात्र बोगी पार-4 पहले होल पर आई, जो दिन का उनका 10वां होल था.

डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई रैंकिंग में 17वें स्थान पर काबिज दिल्ली के शौर्य भट्टाचार्य और सत्र की रैंकिंग में पांचवें स्थान पर चल रहे पुणे के क्षितिज नवीद कौल छह-अंडर 64 के समान स्कोर के साथ संयुक्त तीसरे स्थान पर रहे. बांग्लादेश के जमाल हुसैन और बादल हुसैन, ग्रेटर नोएडा के अर्जुन शर्मा तथा गुरुग्राम के 16 वर्षीय कार्तिक सिंह ने पांच-अंडर 65 के समान स्कोर के साथ संयुक्त पांचवां स्थान हासिल किया. कार्तिक टूर के सबसे युवा पेशेवर खिलाड़ियों में शामिल हैं.

अहमदाबाद के कल्हार ब्लूज एंड ग्रीन्स में अभ्यास करने वाले चौहान 2023 में डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट में शीर्ष पर रहे थे. वह होटलप्लानर टूर पर भी खिताब जीत चुके हैं. टॉलीगंज क्लब से उनका चिर-परिचित होना पहले दौर में मजबूत शुरुआत करने में अहम साबित हुआ.

चौहान ने कहा, “टॉलीगंज क्लब की परिस्थितियां मेरे खेल के अनुकूल हैं और मुझे इस कोर्स पर खेलना पसंद है. मैंने यहां पहले भी अच्छा प्रदर्शन किया है और इस वर्ष फरवरी में यहां आयोजित पिछला डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई टूर्नामेंट जीता था. इसलिए आज भी मैंने उसी तरह की रणनीति अपनाई.” चौहान ने 13वें होल पर बनाए ईगल को अपने दौर के प्रमुख पलों में शामिल किया. उन्होंने तीन-वुड से फेयरवे ढूंढा और फिर अपने पसंदीदा रेस्क्यू क्लब से एप्रोच शॉट खेलकर गेंद को होल से करीब 15 से 20 फुट की दूरी पर पहुंचाया. इसके बाद उन्होंने पट होल कर ईगल पूरा किया.

उन्होंने कहा, “मैंने दौर के अधिकांश हिस्से में गेंद को अच्छी तरह स्ट्राइक किया. मेरा खेल इस समय जिस स्थिति में है, उससे मैं बेहद खुश हूं.” सत्र की रैंकिंग में 18वें स्थान पर चल रहे संधू ने अपने 63 के स्कोर का श्रेय अच्छी पटिंग और पिछले सप्ताह के जेएंडके ओपन के बाद खेल में हुए सुधार को दिया.

संधू ने कहा, “ग्रीन पर मेरा दिन काफी अच्छा रहा. पिछले सप्ताह मेरे खेल में कुछ सकारात्मक संकेत मिले थे, हालांकि थोड़ी लय की कमी भी महसूस हो रही थी. इस सप्ताह प्रो-एम और अभ्यास दौर के दौरान मैंने उस प्रदर्शन को आगे बढ़ाया. मुझे खुशी है कि आज खेल के सभी पहलू एक साथ सही रहे.”

श्रीनगर की ऊंचाई से कोलकाता की उमस भरी परिस्थितियों में आने के कारण संधू को अपनी शॉट की दूरियों में बदलाव करना पड़ा. उन्होंने परिस्थितियों के अनुसार अच्छी तरह तालमेल बैठाया और यह सटीक आकलन किया कि गेंद कितनी दूरी तय कर रही है. 

संधू के दौर की सबसे खास बर्डी 14वें होल पर आई. दाईं ओर फेयरवे चूकने के बाद उन्होंने रफ से पेड़ों के बीच से नीचा रिकवरी शॉट खेला और गेंद को होल से 15 फुट के भीतर पहुंचाकर पट होल किया.

उन्होंने कहा, “वह बर्डी मेरे लिए विशेष रूप से संतोषजनक रही.” संधू ने इस सत्र में डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई पर छह टूर्नामेंट खेले हैं. उन्होंने डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई की ‘72 द लीग’ के उद्घाटन सत्र में राजस्थान रीगल्स को खिताब भी दिलाया
था. 

मंगलवार को अपना 34वां जन्मदिन मनाने वाले बेंगलुरु के खालिन जोशी ने पिछले सप्ताह जेएंडके ओपन में नौ शॉट की जीत की लय को नए सप्ताह में भी जारी रखा. उन्होंने चार-अंडर 66 का स्कोर बनाकर संयुक्त नौवां स्थान हासिल किया.

डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई रैंकिंग में शीर्ष पर चल रहे सप्तक तलवार तीन-अंडर 67 का स्कोर बनाकर संयुक्त 14वें स्थान पर रहे. कुल 132 खिलाड़ियों के मैदान में 40 गोल्फर पार-70 कोर्स पर इवन-पार या उससे बेहतर स्कोर बनाने में सफल रहे.

 

यह भी पढे़ं: एंड्रयू फ्लिंटॉफ के बेटे रॉकी ने जड़ा करियर का पहला शतक, खेली तूफानी पारी



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *