आजकल ओटीटी पर फिल्मों और वेब सीरीज की भरमार है, लेकिन कई बार समझ नहीं आता कि आखिर क्या देखा जाए. अगर आप भी ऐसी फिल्मों की तलाश में हैं, जिनकी कहानी दमदार होने के साथ-साथ कलाकारों की एक्टिंग भी शानदार हो, तो जियो हॉटस्टार पर मौजूद ये फिल्में आपके लिए अच्छा ऑप्शन हो सकती हैं.
इस लिस्ट में सस्पेंस, एक्शन और कॉमेडी से लेकर जिंदगी से जुड़ी प्रेरणादायक कहानियां भी शामिल हैं. खास बात ये है कि इन सभी फिल्मों को आईएमडीबी पर अच्छी रेटिंग मिली है. तो आइए, जानते हैं जियो हॉटस्टार की ऐसी ही 5 शानदार फिल्मों के बारे में.
’12वीं फेल’
इस लिस्ट में सबसे पहले नाम आता है विक्रांत मैसी की फिल्म ’12वीं फेल’ का. विधु विनोद चोपड़ा के निर्देशन में बनी ये फिल्म एक सच्ची कहानी पर आधारित है. इसमें विक्रांत मैसी ने मनोज कुमार शर्मा का किरदार निभाया है, जो कई मुश्किलों का सामना करने के बाद यूपीएससी की परीक्षा पास कर आईपीएस अधिकारी बनते हैं.
फिल्म में मेधा शंकर ने श्रद्धा जोशी का किरदार निभाया है. ये फिल्म 27 अक्टूबर 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. इसे आईएमडीबी पर 10 में से 8.7 रेटिंग मिली है.
‘छिछोरे’
सुशांत सिंह राजपूत और श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘छिछोरे’ भी इस लिस्ट में शामिल है. नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ये फिल्म कॉलेज के दोस्तों की कहानी दिखाती है. फिल्म में अनिरुद्ध और उसके दोस्तों की जिंदगी के जरिए बताया गया है कि असफलता जिंदगी का अंत नहीं होती और हर हाल में आगे बढ़ना जरूरी है.
इसमें सुशांत सिंह राजपूत और श्रद्धा कपूर के अलावा वरुण शर्मा, ताहिर राज भसीन, नवीन पॉलीशेट्टी और तुषार पांडे भी अहम भूमिकाओं में हैं. ये फिल्म 6 सितंबर 2019 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. इसे आईएमडीबी पर 10 में से 8.3 रेटिंग मिली है.
‘दृश्यम’
अजय देवगन की सस्पेंस थ्रिलर फिल्म ‘दृश्यम’ को भला कौन भूल सकता है. निशिकांत कामत के निर्देशन में बनी ये फिल्म विजय सालगांवकर नाम के एक आम आदमी की कहानी है, जो अपने परिवार को बचाने के लिए हर मुमकिन कोशिश करता है. एक अनचाही घटना के बाद उसका परिवार पुलिस के शक के घेरे में आ जाता है.
इसके बाद विजय अपनी समझदारी और फिल्मों से सीखी बातों का इस्तेमाल कर पुलिस को उलझाने की कोशिश करता है. फिल्म में अजय देवगन के साथ तब्बू, श्रिया सरन, इशिता दत्ता और रजत कपूर भी नजर आए हैं. ये फिल्म 31 जुलाई 2015 को रिलीज हुई थी और इसे आईएमडीबी पर 10 में से 8.2 रेटिंग मिली है.
‘मसान’
विक्की कौशल की फिल्म ‘मसान’ भी देखने लायक फिल्मों में से एक है. नीरज घायवान के निर्देशन में बनी ये फिल्म वाराणसी की पृष्ठभूमि पर आधारित है. इसमें दो अलग-अलग कहानियों के जरिए प्यार, समाज की बंदिशों और जिंदगी में आने वाली मुश्किलों को दिखाया गया है.
फिल्म में विक्की कौशल ने दीपक कुमार और ऋचा चड्ढा ने देवी पाठक का किरदार निभाया है. इनके अलावा श्वेता त्रिपाठी और संजय मिश्रा भी अहम भूमिकाओं में हैं. ये फिल्म 24 जुलाई 2015 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. इसे आईएमडीबी पर 10 में से 8.1 रेटिंग मिली है.
‘बेबी’
अक्षय कुमार की फिल्म ‘बेबी’ एक शानदार एक्शन और जासूसी थ्रिलर है. नीरज पांडे के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी एक गुप्त भारतीय खुफिया टीम के इर्द-गिर्द घूमती है, जो देश को आतंकी हमलों से बचाने के लिए मिशन पर निकलती है. फिल्म में अक्षय कुमार ने अजय सिंह राजपूत का किरदार निभाया है.
उनके साथ राणा दग्गुबाती, तापसी पन्नू, अनुपम खेर, डैनी डेन्जोंगपा और के के मेनन भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं. ये फिल्म 23 जनवरी 2015 को रिलीज हुई थी. इसे आईएमडीबी पर 10 में से 7.9 रेटिंग मिली है.
