अफगानिस्तान ने जापान को 48 रनों से हरा दिया है. यह 2026 एशियन गेम्स में मेंस क्रिकेट प्रतियोगिता का सबसे पहला मैच है. अफगान टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 129 रन बनाए थे. जवाब में मेजबान जापान सिर्फ 81 रन बना पाया. बता दें कि ग्रुप ए की टॉप-2 टीम क्वार्टरफाइनल में प्रवेश करेंगी. ग्रुप ए में अफगानिस्तान और जापान के साथ नेपाल भी मौजूद है.
यह मुकाबला कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेला गया. यहां की पिच बल्लेबाजी के लिए कठिन है, ऐसे में अफगान टीम सिर्फ 129 रन ही बना पाई. इसके बावजूद उसे 48 रनों के बड़े अंतर से जीत मिली है. अफगानिस्तान के सीनियर खिलाड़ी एशियन गेम्स टीम का हिस्सा नहीं हैं, इसलिए कप्तानी डार विश रसूली को सौंपी गई है. रसूली ने 29 रन बनाए, वहीं मोहम्मद अकरम ने 34 रनों का योगदान दिया.
अफगानिस्तान की बंपर जीत
अफगानिस्तान की ओर से कसी हुई गेंदबाजी हुई. एक समय रियो साकुरानो थॉमस और कप्तान केंडल फ्लेमिंग जापान को जीत की ओर ले जा रहे थे. जापान ने एक समय 6 से अधिक का रन-रेट कायम किया हुआ था और 53 के स्कोर तक उसके सिर्फ 2 विकेट गिरे थे. मगर उसके बाद एक झटके में जापान का पूरा बैटिंग लाइन-अप ढह गया. जापान टीम के आखिरी 8 विकेट महज 28 रन के भीतर गिर गए.
अरब गुल ने अफगानिस्तान की तरफ से सबसे ज्यादा कहर बरपाया. उन्होंने 4 ओवरों में केवल 8 रन देकर चार बल्लेबाजों को आउट किया. अपने स्पेल में उन्होंने 2 मेडन ओवर भी फेंके. उनके अलावा नांगेयालिया खरोटी ने 3 और अब्दुल्लाह अहमदजाई ने दो विकेट लिए. जापान टीम के 8 बल्लेबाज तो रनों के मामले में दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू पाए.
क्वार्टरफाइनल की है रेस
भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश को ऊंची रैंकिंग के आधार पर सीधे क्वार्टरफाइनल में प्रवेश मिल गया था. मगर ग्रुप ए में अफगानिस्तान, नेपाल और जापान, वहीं ग्रुप बी में ओमान, मलेशिया और हॉन्ग कॉन्ग को ग्रुप स्टेज की चुनौती को पार करते हुए क्वार्टरफाइनल तक का सफर तय करना होगा.
प्रत्येक ग्रुप के टॉप-2 में फिनिश करने वाली टीम क्वार्टरफाइनल में पहुंच जाएगी. इसका मतलब अफगानिस्तान, जापान और नेपाल में से कोई एक टीम बाहर हो जाएगी और बाकी दो टीम अंतिम-8 में प्रवेश कर जाएंगी. बताते चलें कि इसी ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम 28 सितंबर को क्वार्टरफाइनल में टीम इंडिया से भिड़ेगी.
यह भी पढ़ें:
IPL 2027 ऑक्शन के वेन्यू पर BCCI ने लगाई मुहर, तारीख पर भी बड़ा खुलासा
